Rajasthan: 'थोथा चना, बाजे घना साबित हुआ...' आम बजट पर बोले सीएम गहलोत
सीएम गहलोत ने कहा कि प्रदेश ने केन्द्र को 25 सांसद जिताकर दिए। इनमें से कुछ केन्द्रीय मंत्री भी हैं। इसके बावजूद राजस्थान की जनता के हाथ खाली हैं।

Rajasthan : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्रीय बजट को निराशाजनक करार दिया है। गहलोत ने कहा कि इस बजट में आमजन की अनदेखी की गई है। यह बजट थोथा चना, बाजे घना साबित हुआ है। केन्द्र ने अमृत काल का विजन तो रखा लेकिन आमजन को पूरी तरह से निराशा हाथ लगी है। यह बजट केन्द्र सरकार के इस कार्यकाल का अंतिम बजट है लेकिन राजस्थान की जनता को इससे कुछ नहीं मिला। प्रदेश ने केन्द्र को 25 सांसद जिताकर दिए। इनमें से कुछ केन्द्रीय मंत्री भी हैं। इसके बावजूद राजस्थान की जनता के हाथ खाली हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमने केन्द्र सरकार को राइट टू हेल्थ और राइट टू सोशल सिक्योरिटी का प्रावधान लागू करने के लिए कई बार पत्र लिखे ताकि प्रत्येक देशवासी को एक समान चिकित्सा और सामाजिक सुरक्षा का प्राप्त हो सके। राजस्थान में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपए का निशुल्क इलाज तथा 5 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा दिया जा रहा है। साथ ही एक करोड़ लोगों को पेंशन उपलब्ध कराई जा रही है। गहलोत ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना में अभी भी 5 लाख रुपए तक के इलाज की सीमा है, इसे भी नहीं बढाया गया। साथ ही चिकित्सा शिक्षा के राजस्थान मॉडल के अनुरूप देश में 157 नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना करने की घोषणाएं की गई है लेकिन यह नहीं बताया गया है कि इन कॉलेजों की स्थापना कब तक की जाएगी। केन्द्र सरकार ने इस बजट में कोई ठोस कार्य योजना तैयार नहीं की है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान की जनकल्याणकारी योजनाओं के अध्ययन के बाद केन्द्र बजट पेश होता तो आमजन को राहत मिलती। प्रदेश के 13 जिलों को पेयजल और सिंचाई हेतु पर्याप्त पानी के लिए पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं मिलने से क्षेत्रवासियों को निराशा हुई है। वहीं कर्नाटक राज्य की उपरी भद्रा परियोजना के लिए अतिरिक्त सहायता के रूप में 5300 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए जाना राजस्थान के प्रति सौतेले व्यवहार को दर्शाता है। गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार स्वंय के संसाधनों से ईआरसीपी को पूरा करवा कर पानी उपलब्ध कराएगी।












Click it and Unblock the Notifications