पंजाब: गुरबाणी प्रसारण पर फिर विवाद शुरू, CM भगवंत मान ने राज्यपाल को लिखी चिट्ठी
'गुरबाणी प्रसारण' मामले को लेकर बेहद अहम खबर सामने आई है। एक बार फिर 'गुरबाणी प्रसारण' को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को इस मामले के संबंध में चिट्ठी लिखी है जिसमें उन्होंने राज्यपाल पुरोहित से गुरुद्वारा एक्ट संशोधन बिल पर कार्रवाई करने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि 23 जुलाई को प्राइवेट चैनल का कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने वाला है और इसी का हवाला देते हुए सी.एम. मान ने गवर्नर को पत्र लिख कर इस संबंध में कार्रवाई करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री मान ने इस संबंध में ट्वीट भी किया और लिखा कि किसी भी कीमत पर गुरबाणी प्रसारण का अधिकार बादल परिवार के खास लोगों के हाथों में नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से लाखों लोग गुरबाणी से वंचित रह जाएंगे। बता दें कि बीते दिनों विधानसभा के विशेष सेशन में पंजाब सरकार के द्वारा सिख गुरुद्वारा संशोधन बिल लाया गया था जोकि अभी राज्यपाल के पास पेंडिंग पड़ा है जिस पर सी.एम. मान ने अब मंज़ूरी की मांग की है।
यहां ये बताना भी उचित होगा कि 24 जुलाई से एस.जी.पी.सी. के द्वारा अपना यूट्यूब चैनल लाया जा रहा है जिस पर गुरबाणी का प्रसारण होगा और साथ ही उन्होंने ये भी स्पष्ट किया है कि उस गुरबाणी के प्रसारण को कोई भी अन्य चैनल स्ट्रीम नहीं कर सकेगा। इस उपरांत मुख्यमंत्री मान ने गवर्नर को चिट्ठी लिख कर उस संशोधन बिल पर मंज़ूरी देने की अपील की है क्योंकि राज्यपाल के हस्ताक्षर के बाद ही वो बिल 'एक्ट' का रूप धारण करेगा और संशोधित बिल के मुताबिक कोई भी टी.वी. या वैब चैनल गुरबाणी का प्रसारण कर सकेगा जिसका अधिकार अभी केवल निजी चैनल के पास ही है।












Click it and Unblock the Notifications