पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आए पठानकोट, कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- इनके नेता बौखला गए हैं
Punjab news in Hindi: पंजाब के सीएम भगवंत मान इन दिनों गुजरात व हिमाचल में चुनावी रैलियों में व्यस्त हैं। इसी व्यस्तता के बीच आज मान पठानकोट आए, लेकिन यहां भी मान इलेक्शन मोड में दिखे। मान ने हिमाचल व गुजरात के बहाने विपक्ष पर जमकर वार किए।

भगवंत मान ने कहा कि भाजपा में जाने का मतलब यह नहीं कि आप दूध के धुले हुए हैं। लोगों के हक के जितने पैसे खाए हैं उन सबका पूरा हिसाब लिया जाएगा। कानवां दाना मंडी का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मान ने पूर्व मंत्री शाम सुंदर अरोड़ा पर तंज कसा।
पूर्व मंत्री शाम सुंदर अरोड़ा पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बेशक भाजपा में चले गए हैं, लेकिन सरकार उनसे एक-एक पैसे का हिसाब लेकर ही रहेगी। कहा कि अराेड़ा के घर से इतने ज्यादा पैसे मिले हैं कि उन्हें गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी।
सीएम ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। किसी को भी ऐसा करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा द्वारा विगत दिनों मुख्यमंत्री पर हिमाचल प्रदेश व गुजरात में इलेक्शन कैंपेन दौरान सरकारी फंड का इस्तेमाल करने पर उन्होंने कहा कि वह भी तो हिमाचल प्रदेश में गए हैं। अपने बारे में वह क्यों नहीं बताते।
भगवंत मान ने कहा कि यह सारी बात सिद्ध करती है कि कांग्रेस के नेता पूरी तरह सै बौखला गए हैं। अपने विधायकों को वह संभाल नहीं पा रही। गोवा में इनके विधायक बिक गए। मध्य प्रदेश में सरकार चली गई और वह दूसरी पार्टियों की कार्यप्रणाली पर सवाल पैदा करते हैं। वह अपने अपने आप में झांक कर देखें और उसके बाद जाकर दूसरों पर कीचड़ उछालें।
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि देश में आम आदमी पार्टी का दिन प्रतिदन ग्राफ बढ़ रहा है। गुजरात में भाजपा का मुकाबला सीधे तौर पर आप के साथ है। गुजरात की जनता आप के हक में अपना जनादेश देकर साबित कर देगी कि आप राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है। हिमाचल प्रदेश में भी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और उन्हें उम्मीद है कि दोनों प्रदेशों में वह अपनी जीत का परचम लहराएगी। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क, आप नेता विभूति शर्मा व अमित सिंह मंटू भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications