पंजाब: होशियारपुर में CM भगवंत मान की विशाल रैली, सरकारी मेडिकल अस्पताल की रखेंगे आधारशिला
पंजाब की भगवंत मान सरकार 18 नवंबर को होशियारपुर में मेगा 'विकास क्रांति रैली' का आयोजन करने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को दोआबा में करीब 900 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल होंगे।
शुक्रवार को मीडिया को इसकी जानकारी देते हुए 'आप' पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब को विकास की नई राह पर आगे ले जाने के लिए 'आप' की पंजाब सरकार विकास क्रांति ला रही है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पहले दिन से ही पंजाब के हर समुदाय और क्षेत्र के कल्याण के लिए काम कर रही है। इस 'विकास क्रांति रैली' में 867.68 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को गति दी जाएगी।

मलविंदर कंग ने कहा कि पंजाब का चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र मुख्यमंत्री भगवंत मान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य और शिक्षा आम आदमी पार्टी के भी दो मुख्य एजेंडे हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में दोनों क्षेत्रों में क्रांति ला दी और अब हमारी सरकार पंजाब में भी वही कर रही है। उन्होंने कहा कि मान सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में असाधारण और अभूतपूर्व काम कर रही है। लगभग 700 मोहल्ला क्लीनिक खोले जहां लाखों लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है।
इसके अलावा सरकारी अस्पतालों का अपग्रेडेशन हो रहा है और पंजाब के हर जिले में नए मेडिकल कॉलेज खोले जाने की तैयारी चल रही है। इससे पंजाब के चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कंग ने कहा कि कल दोनों मुख्यमंत्री होशियारपुर में एक नये सरकारी मेडिकल अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। पंजाब के हजारों लोगों की मौजूदगी में 'आप' सरकार दोआबा के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कई नई परियोजनाएं शुरू करने और पूरी हो चुकी परियोजनाओं को जनता को समर्पित करने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications