प्रियंका गांधी ने आनंद भवन से कटरा तक किया रोड शो, नारायण सिंह के लिए मांगा समर्थन
प्रयागराज, 25 फरवरी 2022। यूपी विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान को लेकर आज प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रयागराज में आनंद भवन से लेकर कटरा तक रोड शो किया। रैली में प्रियंका गांधी के साथ प्रयागराज शहर उत्तरी से कांग्रेस के प्रत्याशी अनुग्रह नारायण भी गाड़ी पर मौजूद रहे। ढोल नगाड़े की धुन पर थिरकते हुए कांग्रेसजन और समर्थकों का हुजूम जब आनंद भवन से रवाना हुआ, तो रैली को देखने के लिए मोहल्ले के लोग अपनी छतों और बालकनी में आ गए।

रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने सभी का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। रास्ते में मिले कुछ बच्चों को माला पहनाई, तो वहीं लगातार महिलाओं से और युवाओं से हाथ मिलती रही। प्रियंका गांधी ने कुछ महिलाओं को ब्रेसलेट भी बांटा। इस दौरान लोग अपने मोबाइल में फोटो और वीडियो कैद करते दिखे। प्रियंका कटरा होते हुए नेतराम चौराहा पहुंची और फिर अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गई।
रोड शो में प्रियंका गांधी के साथ शहर उत्तरी के कांग्रेस प्रत्याशी अनुग्रह नारायण सिंह, महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़, महामंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य किशोर वाष्णेय, कैट बार के अध्यक्ष जितेंद्र नायक, NSUI के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत भारी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications