राष्ट्रपति मुर्मू दो दिन के हरियाणा दौरे पर, राज्य को दी परियोजनाओं की सौगात
राष्ट्रपति मुर्मू ने सिरसा जिले में 21 एकड़ भूमि पर बनने वाले चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की भी आधारशिला रखी।
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हरियाणा के दो दिवसीय दौरे के लिए कुरूक्षेत्र पहुंचीं, जहां उन्होंने गीता महोत्सव में शामिल होकर मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद्गीता सदन में अन्तर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार में भाग लिया और हरियाणा सरकार की 3 बड़ी परियोजनाओं का वर्चुअली शुभारंभ व शिलान्यास किया। इनमें हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग व्यवस्था, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना तथा सिरसा जिले में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखा जाना शामिल हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का भी शुभारंभ किया है। राष्ट्रपति ने श्रीमद्भगवद् गीता सदन से ही हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली की शुरूआत कर दी है। बता दें कि प्रारंभिक चरण में 6 डिपो अर्थात् चंडीगढ़, करनाल, फरीदाबाद, सोनीपत, भिवानी और सिरसा में ई-टिकटिंग परियोजना को लागू किया गया है। इसी तरह हरियाणा रोडवेज के शेष 18 डिपो में जनवरी 2023 के अंत तक परियोजना को पूरी तरह से लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सिरसा जिले में 21 एकड़ भूमि पर बनने वाले चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की भी आधारशिला रखी। यह मेडिकल कॉलेज करीब 950 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इससे सिरसा जिले व आसपास के अन्य क्षेत्रों की जनता को अत्याधुनिक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी।












Click it and Unblock the Notifications