ओडिशा का आसिका पुलिस स्टेशन साल 2022 का सर्वश्रेष्ठ थाना, गृहमंत्री शाह करेंगे सम्मानित
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आसिका पुलिस स्टेशन को साल 2022 के लिए देश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन घोषित किया है।

भुवनेश्वर: केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा कराए गए अखिल भारतीय सर्वेक्षण में ओडिशा के आसिका पुलिस स्टेशन ने पहला स्थान हासिल किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक टीम ने पूरे भारत में हर पुलिस स्टेशन का दौरा किया और सर्वेक्षण किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आसिका पुलिस स्टेशन को साल 2022 के लिए देश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन घोषित किया है।
20 जनवरी को गृहमंत्री करेंगे सम्मानित
सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन की ट्रॉफी आगामी 20 जनवरी को दिल्ली में एक समारोह में प्रदान की जाएगी। आसिका थाना प्रभारी प्रशांत कुमार साहू ट्रॉफी प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने देश के शीर्ष तीन पुलिस थानों में शामिल आसिका पुलिस थाने को बधाई दी है। अपराध में कमी और कानून व्यवस्था की स्थिति को सुव्यवस्थित करने के कारण आसिका पुलिस स्टेशन को देश का सबसे अच्छा पुलिस स्टेशन माना जाता है।
बेहतर सेवा देने का रहता है प्रयास
गंजाम के तत्कालीन एसपी बृजेश कुमार राय ने दैनिक जागरण से बात करते हुए बताया कि इससे पहले गंगापुर पुलिस स्टेशन को श्रेष्ठ तीन थानों में शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों को अच्छी सुविधा के साथ सेवा मिले इसका पूरा ध्यान रखा रखा जाता है। थाना को सुंदर तरीके से फूलों से सजाया गया है। ओडिशा सरकार की 5टी उपक्रम को गंजाम जिले के सभी थाने में बेहतर तरीके से लागू किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयनित किए जाने की खबर मिलने के बाद एसपी श्री राय ने थाने की पूरी टीम को बधाई दी है।












Click it and Unblock the Notifications