ओडिशा सरकार की पहल लाई रंग, पशु चिकित्सक काम पर लौटे
ओवीएसए की सभी जिला इकाइयों के प्रतिनिधियों ने मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री रणेंद्र प्रताप स्वैन द्वारा बुलाई गई बैठक में भाग लिया,

ओडिशा वेटरनरी सर्विस एसोसिएशन (ओवीएसए) और राज्य सरकार में बात बन गई है, जहां राज्य सराकर से आश्वासन मिलने के बाद पशु चिकित्सक काम पर लौट आए हैं।
दरअसल ओवीएसए के करीब 20 पदाधिकारियों के बदले की भावना से तबादले के विरोध में राज्य भर के पशु चिकित्सकों ने 4 मई को सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया था। सभी पशु चिकित्सकों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर एक मई से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम का बहिष्कार किया था।
ओवीएसए की सभी जिला इकाइयों के प्रतिनिधियों ने शनिवार को मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री रणेंद्र प्रताप स्वैन द्वारा बुलाई गई बैठक में भाग लिया। बैठक में पशु चिकित्सकों की मांगों व शिकायतों पर चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि कुछ मांगों जैसे सामान्य डॉक्टरों के साथ वेतन समानता, पदोन्नति के रास्ते बनाने के लिए कैडर पुनर्गठन, सभी रिक्त पदों को भरने और बुनियादी ढांचे के विकास को पूरा किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वो सरकार के साथ ही इस मुद्दे को उठाएंगे।
ओवीएसए कटक जिला इकाई द्वारा पोस्ट किए गए एक ट्वीट में कहा गया है कि ओवीएसए सीईसी के अधिकारियों के स्थानांतरण आदेशों को रद्द करने और ओवीएस कैडर की शिकायतों पर विचार करने का आश्वासन मिलने के बाद, सभी पशु चिकित्सकों ने डिजिटल समर्थन के साथ काम फिर से शुरू किया।












Click it and Unblock the Notifications