ओडिशा: 'सरकार की आय बढ़ रही, किसानों की घट रही', खेती को लेकर BJP ने BJD पर साधा निशाना
ओडिशा में खेती और किसानों की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने नवीन सरकार पर तीखा हमला किया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि सरकार 1.5 लाख करोड़ रुपये के बजटीय आवंटन के बावजूद किसानों की खेती और जीवन स्तर में सुधार करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में करीब 61 फीसदी किसान कर्ज के बोझ से जूझ रहे हैं।
भुवनेश्वर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नेता रामरंजन बलियारसिंह ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सरकार की दीर्घायु बढ़ रही है लेकिन किसानों की उम्र घट रही है। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि WHO ऐसा दावा कर रहा है। इसी तरह सरकारों की आय बढ़ रही है जबकि किसानों की आय कम हो रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर किसानों की औसत मासिक आय 10000 रुपये है, जबकि ओडिशा के किसानों के मामले में यह 5000 रुपये है। जिनमें से 61 प्रतिशत कर्ज के बोझ से जूझ रहे हैं।
रामरंजन बलियारसिंह ने दावा किया कि ओडिशा में किसान 32700 करोड़ रुपये के ऋण का बोझ उठा रहे हैं और ओडिशा जैसी कृषि अर्थव्यवस्था में हर तीन में से एक व्यक्ति गरीब है। और यह स्थिति कृषि बजट में भारी भरकम राशि आवंटित किये जाने के बाद भी जारी है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि ओडिशा देश में सूखाग्रस्त के रूप में पहचाने जाने वाले 12 राज्यों में से एक है।
धान की लगातार खराब बिक्री और हर साल धान खरीद में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए भाजपा के दिग्गज नेता ने कहा कि गरीब किसानों को अभी भी उनकी फसलों के लिए सही कीमत नहीं मिल पा रही है। जबकि लगभग हर दिन किसानों के आत्महत्या करने की खबरें आ रही हैं। लेकिन राज्य सरकार इस कड़वी सच्चाई को स्वीकार करने से इनकार करती है।












Click it and Unblock the Notifications