LPG की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र पर बरसे CM नवीन पटनायक
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा अब महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन गया है। कहा कि राज्य में पंचायतों और अन्य स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए सीटों का आरक्षण 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) को बंद करने और एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी को 'महिला विरोधी' बताते हुए केंद्र पर निशाना साधा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यहां पार्टी मुख्यालय में बीजद की महिला शाखा द्वारा आयोजित एक बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा सरकार ने गरीबों और आम लोगों के लाभ के लिए किसी भी कार्यक्रम को बंद नहीं किया है।
नवीन पटनायक ने कहा, 'आप सभी जानते हैं कि केंद्र सरकार ने गरीब लोगों के हक से पांच किलो चावल कम कर दिया है और रसोई गैस की कीमत अब आसमान छू रही है। सरकार के इन फैसलों ने महिलाओं को बहुत मुश्किल में डाल दिया है। महिला सशक्तिकरण बीजद का फोकस है। ओडिशा के कद्दावर नेता बीजू पटनायक ने न केवल राज्य बल्कि पूरे देश को महिला सशक्तिकरण का रास्ता दिखाया। बीजेडी ने हमेशा महिलाओं के लिए काम किया है और आगे भी करती रहेगी।'
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि ओडिशा अब महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में पंचायतों और अन्य स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए सीटों का आरक्षण 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है। राज्य संसद और विधान सभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों के आरक्षण के लिए संघर्ष जारी रखेगा।












Click it and Unblock the Notifications