ओडिशाः 'पंचायतों में पेंशन का भुगतान करे केंद्र', बीजद ने उठाई मांग
भुवनेश्वर: बीजू जनता दल (बीजद) ने गुरुवार को राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित केंद्रीय पेंशन योजनाओं के तहत भुगतान पंचायत स्तर पर करने की मांग की, क्योंकि कई स्थानों पर बैंक शाखाओं की कमी के कारण लाभार्थियों को धन इकट्ठा करने में कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बीजद प्रवक्ता श्रीमयी मिश्रा ने यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य भर में केंद्र की दो पेंशन योजनाओं, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांगों के लिए पेंशन के 20 लाख लाभार्थी हैं। ऐसे लाभार्थियों को गांव से दूर स्थित नजदीकी बैंक शाखाओं में जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

मिश्रा ने आरोप लगाया कि केंद्रीय उपेक्षा के कारण राज्य के 60 प्रतिशत से अधिक पंचायत मुख्यालयों में बैंक शाखाएं नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पेंशन योजनाओं की धनराशि में राज्य सरकारों की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत है।
बीजद नेता ने कहा कि मधु बाबू पेंशन योजना (एमबीपीवाई) के तहत लगभग 28 लाख लोग शामिल हैं। राज्य में 'राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, 1989' और 'उड़ीसा विकलांगता पेंशन योजना, 1985' के तहत कवर किए जा रहे सभी लाभार्थी अब एमबीपीवाई के तहत लाभार्थी हैं। मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार योजना के तहत लाभार्थियों को पंचायत स्तर पर भुगतान करती है।












Click it and Unblock the Notifications