नांदेड़ और छत्रपति संभाजी नगर की घटना पर NHRC ने लिया संज्ञान, जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांगी रिपोर्ट
Maharashtra News: महाराष्ट्र के नांदेड़ और छत्रपति संभाजी नगर जिलों के दो सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे के भीतर बड़ी संख्या में मरीजों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने स्वत: संज्ञान लिया है। NHRC ने 4 अक्टूबर 2023 को मीडिया रिपोर्ट पर संज्ञान लिया।
महाराष्ट्र के नांदेड़ और छत्रपति संभाजी नगर जिलों के दो सरकारी अस्पतालों में चौबीस घंटों के भीतर बड़ी संख्या में मरीजों की मौत हो गई। आयोग ने राज्य सरकार से अपने मुख्य सचिव के माध्यम से जिम्मेदार लोक सेवकों के खिलाफ की गई कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ित परिवारों को प्रदान की गई राहत और पुनर्वास की स्थिति के बारे में सूचित करने को कहा है।

बता दें कि महाराष्ट्र के नांदेड़ में मरीजों की मौत से चीख-पुकार मची है। 72 घंट में 38 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक वीडियो ट्वीट कर मोदी सरकार को घेरा है। वीडियो में एक महिला जोर-जोर से विलख रही हैं। अपनी छाती पीट रही हैं।
राहुल गांधी ने वीडियो ट्वीट कर कहा कि कलेजे को चीर देने वाली नांदेड़ की इस गरीब मां की चीखें सुनिए प्रधानमंत्री जी। आप अपने गुनाहों की सजा हमेशा गरीबों को क्यों देते हैं? आपके गुनाह ने इन गरीबों और मासूमों की जान ले ली। चीख सुनिए और इस मां के दर्द को महसूस कीजिए।
मृतक मरीजों के परिजनों ने अस्पताल पर दवाइयों की कमी और लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दवाई की कमी थी, जरूरत पड़ने पर अस्पताल में दवाई उपलब्ध नहीं थी, जिससे मरीजों की जान चली गई। यह घटना डॉ. शंकरराव चव्हाण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई है।
यह भी पढ़ें- Video: इस मां की चीख सुनिए मोदी जी, गुनाहों की सजा गरीबों को क्यों देते हैं, नांदेड़ घटना पर बोले राहुल गांधी












Click it and Unblock the Notifications