सिरोही में वेटरनरी कॉलेज की मिली स्वीकृति, सीएम गहलोत ने किया बड़ा ऐलान
आपको बता दें कि हाल ही राज्य सरकार की ओर से राजसमंद, प्रतापगढ़ और जालौर में मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए 1000 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

Rajasthan: सिरोही के स्टूडेंट्स को वेटरनरी कॉलेज में हाई एजुकेशन प्राप्त करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अब उन्हें अपने जिले में ही पढ़ाई का मौका मिलेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरोही में वेटरनरी कॉलेज खोलने की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कॉलेज के संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए 58 नए पदों की स्वीकृति और 10.16 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार स्वीकृत 58 नए पदों में डीन का 1 पद, प्रोफेसर के 5 पद, एसोसिएट प्रोफेसर के 4 पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के 19 पद, तकनीकी स्टाफ के 10 पदों सहित सहायक स्टाफ के 19 पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने साल 2023-24 के बजट में सिरोही जिले में वेटरनरी कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। वर्तमान में जिले के स्टूडेंट्स को हाई एजुकेशन के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता था, लेकिन सिरोही में वेटरनरी कॉलेज खुलने के बाद जिले के बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही सिरोही में आसपास के दूसरे जिले के साथ ही गुजरात के स्टूडेंट्स को भी इसका फायदा मिलेगा।
मालूम हो कि इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार आमजन को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। राजस्थान में 22 हजार करोड़ रुपये स्वास्थ्य के क्षेत्र में खर्च किए जा रहे हैं जो बजट का 7.4 फीसदी है, जबकि अन्य राज्यों में औसतन 6 प्रतिशत बजट स्वास्थ्य पर खर्च किया जा रहा है। यह राज्य सरकार की मंशा को दर्शाता है। सीएम गहलोत ने कहा कि सरकार हर जिले में मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज बनाने का काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications