12 नवंबर को अमित शाह आएंगे वाराणसी, भांपेंगे पूर्वांचल का सियासी मिजाज
12 नवंबर को अमित शाह आएंगे वाराणसी, भांपेंगे पूर्वांचल का सियासी मिजाज
वाराणसी, 02 नवंबर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 12 नवंबर को वाराणसी दौरे पर आ रहे हैं। शाह यहां पूर्वांचल के सियासी मिजाज को भांपेंगे। अमित शाह के दौरे को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 12 नवंबर को वाराणसी पहुंच रहे है। वो यहां दो दिवसीय दौरे पर है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन से पहले यहां पहुंचेंगे। इतना ही नहीं, एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी भी करेंगे। इसके बाद वे दो दिन तक गृहमंत्री के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह के वाराणसी आगमन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शाह 12 नवंबर को दोपहर बाद वाराणसी पहुंचेंगे और उसी दिन संगठन की बैठक लेंगे। 13 नवंबर को हिंदी पर आयोजित एक कार्यक्रम में वे शामिल होंगे। सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का स्थान चयन किया जा रहा है। इसके बाद वे पन्ना प्रमुख, बूथ अध्यक्ष और सोशल मीडिया वालंटियर्स से संवाद करेंगे। इसके बाद उनके आजमगढ़ जाने की संभावना है। गृहमंत्री के काशी प्रवास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पूरे समय मौजूद रहेंगे।
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के दो दिवसीय प्रवास की सूचना के बाद प्रशासनिक महकमा भी अलर्ट हो गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि गृहमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बैठक कर बनारस के विकास कार्यों की समीक्षा कर सकते हैं। गृहमंत्री अमित शाह के काशी प्रवास की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच नवंबर को वाराणसी आ सकते हैं। दीपावली के अगले दिन मुख्यमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को पुख्ता करेंगे।
दीपावली पर राज्यपाल आएंगी काशी
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इस बार काशी के गंगा घाट पर दीपावली मनाएंगी। वे चार नवंबर की सुबह वाराणसी आएंगी और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ संवाद दीपोत्सव आयोजन में शामिल हो सकती है। शाम को उनके गंगा घाट पर जाने का कार्यक्रम तय किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications