भगवंत मान को पार्टी का सीएम फेस बनाना AAP का दिवालियापन: सुखबीर बादल
नई दिल्ली, 19 जनवरी: आप आदमी पार्टी की तरफ से भगवंत मान को सीएम फेस बनाने पर कई राजनीतिक दलों ने आपत्ति जाहिर की है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि भगवंत मान को पार्टी का सीएम चेहरा बनाना आम आदमी पार्टी के दिवालियापन को दर्शाता है। आप ने मान काे मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुनकर समझौता कर लिया है, क्योंकि पंजाब में कोई भी पार्टी की अगुआई करने को तैयार नहीं था।

केजरीवाल कभी भगवंत मान को पंजाब में पार्टी का चेहरा नहीं बनाना चाहते थे। यह सच है कि आप ने कई संभावित उम्मीदवारों की घोषणा की, लेकिन उनमें से सभी ने पार्टी की अगुआई करने से इन्कार कर दिया। यही कारण है कि एक सर्वे के बाद यह जिम्मेदारी भगवंत मान पर थोपी गई। सुखबीर का कहना है कि आम आदमी पार्टी काे विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
फिल्म 'हे बेबी' के गाने 'दिल दा मामला है दिलबर' के आधार पर आम आदमी पाटी की ओर से तैयार किए गए वीडियो (मीम) को अपने ट्विटर हैंडल पर डालकर पार्टी विवाद में घिर गई है। पार्टी ने वीडियो में अभिनेत्री विद्या बालन को 'मुख्यमंत्री की कुर्सी' के रूप में पेश करके कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को लड़ते हुए दिखाया है। गाने में दिखाया गया है कि दोनों नेता कुर्सी पाने के लिए बेताब हैं और अंत में भगवंत मान की एंट्री ऐसी होती दिखाई गई है, जैसे मुख्यमंत्री की कुर्सी उन्हें मिल गई हो।
इसमें अरविंद केजरीवाल व राहुल गांधी को भी दिखाया गया है। कांग्रेस के बीवी श्रीनिवास ने इस वीडियो में एक महिला को सीएम की कुर्सी के रूप में दिखाने को शर्मनाक बताया है। वीडियो के नीचे कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि चुनाव आयोग को इसका संज्ञान लेना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications