केटीआर बोले, 'तेलंगाना के सीएम का अपमान करने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई'
केटी रामाराव ने ट्वीट करते हुए लिखा 'भाजपा शासित कर्नाटक में एक आपत्तिजनक ट्वीट के लिए 14 दिनों की जेल। और यहां, तेलंगाना में हम अपने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों पर सीधे हमले और भयानक अपमान सहन कर रहे हैं।

तेलंगाना के उद्योग मंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने बुधवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया।
केटी रामाराव ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'भाजपा शासित कर्नाटक में एक आपत्तिजनक ट्वीट के लिए 14 दिनों की जेल। और यहां, तेलंगाना में हम अपने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों पर सीधे हमले और भयानक अपमान सहन कर रहे हैं। हो सकता है कि अब हमें उन लोगों को उन्हीं के अंदाज में जवाब देना पड़े। क्या कहती है जनता?'
तेलंगाना के मंत्री केटीआर ने यह ट्वीट कन्नड़ अभिनेता चेतन के एक अपमानजनक ट्वीट पोस्ट करने के बाद हुई उनकी गिरफ्तारी के संदर्भ में किया है। केटीआर का ये ट्वीट मुख्यमंत्री केसीआर और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के लिए पुलिस द्वारा YouTuber चिंतापंडु नवीन कुमार उर्फ तीनमार मल्लन्ना की गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद आया है।
पुलिस ने मल्लन्ना को मंगलवार देर रात हैदराबाद के बाहरी इलाके में पीरज़ादिगुड़ा में उनके चैनल क्यू न्यूज के कार्यालय से गिरफ्तार किया था। बीआरएस समर्थकों ने उनके यूट्यूब चैनल पर मुख्यमंत्री केसीआर, उनके बेटे केटीआर और बेटी व एमएलसी के. कविता के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी।












Click it and Unblock the Notifications