केटीआर ने कहा, 'बदले की भावना से काम कर रहा केंद्र, रोका तेलंगाना का फंड'
केटीआर ने आगे कहा कि अशांति पैदा करने के लिए दुश्मन देशों पर वित्तीय प्रतिबंध लगाए गए थे इसी तरह तेलंगाना को देय मनरेगा के तहत 1200 करोड़ रुपए के मनरेगा बकाया का भुगतान नहीं किया जा रहा।

तेलंगाना के मंत्री केटी रामाराव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। केटी रामाराव ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तेलंगाना के साथ बदले की भावना के तहत काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अभी तक 1200 करोड़ रुपए के मनरेगा बकाया का भुगतान नहीं किया है।
केटी रामाराव ने आगे कहा, 'केंद्र सरकार के इस रवैये के विपरीत तेलंगाना सरकार इस महीने के अंत तक पल्ले प्रगति, निर्वाचन क्षेत्र विकास कार्यक्रम और अन्य अनुदानों से संबंधित बकाया राशि को जारी करने के लिए 1,300 करोड़ रुपये जारी करेगी। इस राशि का उपयोग पंचायतों और ग्रामीण निकायों के विभिन्न अनुदानों के तहत एक-एक करोड़ रुपये तक के बकाये के भुगतान के लिए किया जाएगा।'
सोमवार को यहां राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केटी रामाराव ने कहा कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण सशक्तिकरण में राज्य सरकार के समान प्रयास किए होते तो दोगुने उत्साह के साथ काम करने की गुंजाइश होती। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से केंद्र तेलंगाना के प्रति बदले की भावना से काम कर रहा है और राज्य को एक दुश्मन देश की तरह मान रहा है।
केटीआर ने आगे कहा कि अशांति पैदा करने के लिए दुश्मन देशों पर वित्तीय प्रतिबंध लगाए गए थे, इसी तरह तेलंगाना को देय मनरेगा के तहत 1200 करोड़ रुपए के मनरेगा बकाया का भुगतान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा, 'मैं सरपंचों और अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से गांवों में तेलंगाना के खिलाफ केंद्र के भेदभाव और राजनीतिक प्रतिशोध पर चर्चा करने का अनुरोध करता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications