TSPSC पेपर लीक मामले में कांग्रेस और भाजपा पर बरसे केटीआर, पेश किए पुख्ता आंकड़े
रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया था, केटी रामाराव के निजी सहायक तिरुपति बंडारी ने 100 उम्मीदवारों को 100 फीसदी अंक दिलाने में मदद करने के लिए प्रश्न पत्र शेयर किया था।

टीएसपीएससी प्रश्न पत्र लीक मुद्दे पर विपक्षी दलों के आरोपों को लेकर तेलंगाना के मंत्री केटी रामाराव ने करारा जवाब दिया है। केटी रामाराव ने सोमवार को टीपीसीसी अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और भाजपा राज्य द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार साबित करने के लिए कई अहम तथ्य और आंकड़े पेश किए।
रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया था कि केटी रामाराव के निजी सहायक तिरुपति बंडारी ने 100 उम्मीदवारों को 100 फीसदी अंक दिलाने में मदद करने के लिए प्रश्न पत्र शेयर किया था। इसपर केटीआर ने जवाब देते हुए कहा, 'पूरे मलयाला मंडल में 417 उम्मीदवार ग्रुप-1 की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से केवल 37 ने क्वालीफाई किया। यही नहीं, पूरे जगतियाल जिले में केवल एक उम्मीदवार ने 100 अंक हासिल किए हैं।'
केटी रामाराव ने आगे कहा, 'थिरुपथी के पैतृक गांव कोथाराम में केवल तीन उम्मीदवार उपस्थित हुए और किसी ने भी क्वालीफाई नहीं किया। पूरे राजन्ना सिरसिला जिले में, 4,205 उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया और 3,254 उपस्थित हुए। इनमें से 255 अभ्यर्थियों ने 25 से 90 अंक प्राप्त किए और एक भी अभ्यर्थी ने 100 अंक प्राप्त नहीं किए।'
केटी रामाराव ने पूछा, 'इन आधिकारिक तथ्यों और आंकड़ों के बारे में रेवंत रेड्डी का क्या कहना है? गुजरात में पिछले आठ सालों में 13 बार प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन किसी नेता ने इस्तीफा नहीं दिया और न ही किसी अधिकारी को निलंबित किया गया। आश्चर्यजनक होता है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय टीएसपीएससी उम्मीदवारों को 10 लाख रुपये देने की मांग कर रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या गुजरात सरकार ने ऐसी कोई सहायता दी?'












Click it and Unblock the Notifications