केटीआर ने किया तेलंगाना के पहले 'केजी से पीजी' कैंपस का उद्घाटन
केटीआर ने कहा, 'विकास हमारी जाति है और कल्याण ही हमारा धर्म है। जनहित हमारी प्राथमिकता है। आज वादा पूरा करने की तुलना में आलोचना करना आसान है।

'ज्ञान एकमात्र ऐसा खजाना है, जिसे चुराया नहीं जा सकता... जब आप इसे बांटने की कोशिश करेंगे तो यह और बढ़ेगा', ये बातें तेलंगाना के मंत्री केटी रामाराव ने बुधवार को गंभीरावपेट मंडल मुख्यालय में 'माना ओरू माना बाड़ी' कार्यक्रम के तहत बनाए गए केजी से पीजी शिक्षा परिसर के उद्घाटन समारोह में कहीं। इस दौरान उनके साथ कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री सबिता इंद्रा रेड्डी भी मौजूद थे।
केटीआर ने कहा, 'विकास हमारी जाति है और कल्याण ही हमारा धर्म है। जनहित हमारी प्राथमिकता है। आज वादा पूरा करने की तुलना में आलोचना करना आसान है। तेलंगाना ने कृषि, स्वास्थ्य, उद्योग, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में जबरदस्त प्रगति की है और लोगों को सरकार के प्रदर्शन में कमी खोजने की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी है।'
केटी रामाराव ने आगे कहा, '2004 में तेलंगाना आंदोलन के दौरान गंभीरावपेट में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव द्वारा किए गए वादे को पूरा करते हुए, राज्य सरकार ने गरीब छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अपनी तरह का पहला केजी से पीजी कैंपस स्थापित किया है। तेलंगाना में हो रहा विकास और कल्याण अतुलनीय है। आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के छात्रों के लाभ के लिए तेलंगाना राज्य के गठन के बाद 1,000 से अधिक गुरुकुल शिक्षण संस्थान स्थापित किए गए हैं।'
इस अवसर पर केटी रामाराव ने तेलंगाना के विचारक, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता प्रोफेसर जयशंकर के नाम पर केजी से पीजी परिसर का नामकरण करने की घोषणा भी की।












Click it and Unblock the Notifications