हरियाणा में वित्तीय आंकड़ों पर कांग्रेस को लिखित जवाब देगी खट्टर सरकार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बजट चर्चा पर अपने जवाब में विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा द्वारा कर्ज को लेकर दिए आंकड़ों को गलत ठहराया था।

हरियाणा की आर्थिक स्थिति और राज्य पर कर्ज के बारे में सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को पूरी रिपोर्ट दी जाएगी। यह रिपोर्ट सरकार पंद्रह दिनों में कांग्रेस को सौंपेगी। बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विधानसभा में पूर्व स्पीकर एवं कांग्रेस विधायक डॉ. रघुबीर सिंह कादियान द्वारा की गई श्वेत-पत्र जारी करने की मांग पर यह ऐलान किया।
इससे पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री ने बजट चर्चा पर अपने जवाब में विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा द्वारा कर्ज को लेकर दिए आंकड़ों को गलत ठहराया था। उन्होंने यह भी कहा था कि पिछले कुछ दिनों में पूर्व सीएम पांच बार अपने आंकड़ों को बदल चुके हैं। हुड्डा साढ़े चार लाख करोड़ रुपये के करीब का कर्जा प्रदेश पर बता रहे हैं।
वहीं सरकार यह मानने को तैयार नहीं है।दरअसल, पूर्व सीएम ने सभी प्रकार के कर्जों को जोड़कर यह आंकड़ा दिया है। सीएम का दावा है कि राज्य पर कर्जा कम हुआ है। उनका कहना है कि 2023-24 के दौरान राज्य पर कर्ज का बोझ बढ़कर पौने तीन लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों के कर्ज को भी जोड़ा जा रहा है, जबकि पूर्व की सरकार के मुकाबले सार्वजनिक उपक्रमों का कर्जा कम हुआ है। अपने जवाब में सीएम ने यह तक कह दिया था कि गलत आंकड़े देने से हुड्डा की लोगों में छवि खराब हो सकती है। बुधवार को इस पर नाराजगी जताते हुए कादियान ने कहा कि अगर पूर्व सीएम द्वारा दिए आंकड़े गलत हैं तो सरकार व्हाइट पेपर जारी करे।












Click it and Unblock the Notifications