Jharkhand News: एक लाख की गाय महज 10 हजार में दे रही हेमंत सरकार, ऐसे शुरू करें दूध का व्यापार
जिसका लाभ उठाकर किसान हर दिन और हर मौसम में अच्छी खासी कमाई कर सकते हैं। पशुपालन योजना को लेकर किसानों में अच्छी दिलचस्पी देखी जा रही है।

रांची। झारखंड सरकार किसानों के लिए एक नयाब तोहफा लेकर आई है। यह तोहफा है पशुधन को लेकर। किसानों में अच्छे पशु खरीदने को लेकर अक्सर उत्सुकता बनी रहती है। बाज़ार में पशु के रूप में अगर किसान एक गाय भी खरीदते हैं तो उन्हें मोटी रकम चुकानी पड़ती है। लेकिन झारखंड सरकार किसानों को बेहद सस्ती दरों में गाय, भैंस व डेयरी से जुड़ी कई सारे मशीन मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत मुहैया करा रही है।
जिला गव्य विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया, इस योजना के तहत अब तक 5000 से अधिक किसानों को लाभ मिल चुका है। किसानों के लिए यह योजना किसी सौगात से कम नहीं है। क्योंकि, मौसम के कारण कई बार फसल बर्बाद हो जाती है। लेकिन पशुधन ऐसा है, जिसका लाभ किसान हर दिन व हर मौसम में उठाकर अच्छी खासी कमाई कर सकते हैं। किसानों में पशुधन योजना को लेकर अच्छी दिलचस्पी देखी जा रही है।
मनोज कुमार बताते हैं, इस योजना के तहत एक दुधारू गाय पर सरकार 75% अनुदान दे रही है. जबकि दिव्यांग, आपदा, आगलगी, सड़क दुर्घटना, परित्यक्त ग्रामीण महिलाओं को 90% अनुदान दिया जा रहा है। यानी अगर किसी गाय की कीमत एक लाख रुपये है तो सामान्य व्यक्ति मात्र 25000 रुपये में और दिव्यांग, आपदा, आगलगी, सड़क दुर्घटना, परित्यक्त ग्रामीण महिलाएं 10000 रुपये में गाय ले सकते हैं। वहीं, 5 या 10 गाय लेने के लिए स्कीम अलग है।
अनुसूचित जाति व जनजाति से आनेवाले लोगों को 75% व अन्य सभी को 50% अनुदान दिया जाएगा।
मनोज बताते हैं, इसी योजना के तहत पशु आहार एवं चारा विकास योजना भी चलाया जा रहा है। इसमें हस्तचालित चौप कटर व विद्युत चालक चौप कटर पर 75 से 90% तक छूट दी जा रही है। 90% छूट अनुसूचित जाति व जनजाति के लाभुकों के लिए है, जबकि अन्य सभी जातियों को 75% छूट दी जा रही है. इसके साथ ही मिलकिंग मशीन, वर्मी कंपोस्ट यूनिट, पनीर मेकिंग यूनिट, डीपबोरिंग यूनिट, संतुलित पशु आहार, एरिया स्पेसिफिक मिनरल, स्वास्थ्यवर्धक सप्लीमेंट में भी अच्छी खासी छूट मिल रही है।
इस योजना का लाभ रांची के दलादली चौक के समीप लगे पशु मेले से ले सकते हैं। यहां पर पूरे झारखंड के व्यापारी एक से बढ़कर एक गाय और भैंस लेकर आए हैं। किसान सरकारी योजना के अंतर्गत गाय व भैंस खरीद सकते हैं। इसके अलावा धुर्वा स्थित जिला गव्य विकास कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications