Jharkhand: हेमंत कैबिनेट की बैठक आज, महंगाई भत्ता में वृद्धि सहित इन प्रस्तावों को मिलेगी मंजूरी
सोमवार को होने वाली कैबिनेट बैठक को लेकर मुख्य चर्चा महंगाई भत्ता वृद्धि को लेकर है।

झारखंड कैबिनेट की बैठक आज है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की मीटिंग शाम 4 बजे से प्रोजेक्ट मंत्रालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा सभी मंत्री, विभागीय सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और मुख्य सचिव शामिल होंगे। इस मीटिंग में महंगाई भत्ता वृद्धि सहित कई अन्य प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। गौरतलब है कि पहले कैबिनेट की मीटिंग 6 अप्रैल को निर्धारित थी लेकिन राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा मद्य निषेध विभाग के मंत्री जगरनाथ महतो के आकस्मिक निधन की वजह से उसे टाल दिया गया था। इससे पहले 27 मार्च को कैबिनेट की बैठक हुई थी।
महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की वृद्धि होगी
गौरतलब है कि सोमवार को होने वाली कैबिनेट की मीटिंग में राज्य सरकार के मातहत कार्यरत कर्मचारियों और पेंशनधारियों के महंगाई भत्ता में 4 फीसदी की वृद्धि की जा सकती है। कोरोना के मामले में लगातार वृद्धि हो रही है। संभव है कि मुख्यमंत्री, प्रदेश में कोविड संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर लगाम लगाने को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय को जरूरी निर्देश दें। गर्मी बढ़ रही है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला जाता है। इस बात की भी संभावना है कि गर्मी बढ़ते ही बिजली की बढ़ती मांग पर चर्चा हो। हालांकि, अभी 2 दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने झारखंड में बिजली की बढ़ती मांग और लोड शेडिंग की समस्या को लेकर उर्जा सचिव को अतिरिक्त बिजली खरीदने का निर्देश दिया था।
महंगाई भत्ते को लेकर होगी मुख्य चर्चा
सोमवार को होने वाली कैबिनेट मीटिंग को लेकर प्रमुख चर्चा महंगाई भत्ता वृद्धि को लेकर है। बता दें कि 27 मार्च को हुई कैबिनेट मीटिंग में नियुक्ति नियमावली संसोधन को मंजूरी दी गई थी। इसमें तृतीय एवं चतुर्थवर्गीय नौकरियों में झारखंड से ही 10वीं-12वीं पास करने की अनिवार्यता खत्म की गई। स्थानीय भाषा, संस्कृति एवं परिवेश की जानकारी होने की बाध्यता समाप्त की गई। हालांकि, जो नई 60:40 वाली नीति लाई गई है उसका भी विरोध किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications