Jharkhand के स्वास्थ्य मंत्री ने H3N2 वायरस को लेकर की अहम बैठक, बोले- डरने की आवश्यकता नहीं
Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने H3N2 वायरस को लेकर डॉक्टरों के साथ बैठक की। इस दौरान बन्ना गुप्ता ने कहा कि इस वायरस से डरने की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार गंभीर है।

Jharkhand Health Minister Banna Gupta: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने H3N2 वायरस को लेकर रिम्स, सदर हॉस्पिटल के साथ-साथ डॉक्टरों से जुड़े एसोसिएशन के साथ एक बैठक की। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि H3N2 ये फ्लू का एक रूप है। इसमें डरने की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार गंभीर है। राज्य में अब तक कोई मामला नहीं आया है। डॉक्टरों के साथ चर्चा हुई है। हम पूरी तरह से कोविड के बाद से ही सजग हैं। हमारे पास पर्याप्त बेड, आईसीयू बेड, ऑक्सीजन प्लांट, आरटीपीसी आर लैब समेत सब कुछ तैयार है, डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। थोड़ा भी लगेगा तुरंत संज्ञान में लेकर लग जायेगें।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था बहाल करने समेत विभिन्न विषयों पर आईएमए व झासा के सदस्यों, रिम्स के वरीय चिकित्सकों के संग रांची स्थित आवासीय कार्यालय में बैठक की। बैठक में मेडिकल प्रोटेक्शन बिल, क्लिनिक प्रोटेक्शन एक्ट के साथ रिम्स और विभिन्न अस्पतालों की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर सहमति बनी है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट पर सीएम के साथ विमर्श कर जल्दी ही इसे आगे बढ़ाया जाएगा। डॉक्टर भारती कश्यप ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के साथ सकारात्मक बात हुई है। सीएम के साथ विमर्श करेंगे। क्लीनिकल प्रोटेक्शन एक्ट को लेकर भी सरकार गंभीर है।
आईएमए सचिव डॉक्टर प्रदीप ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के साथ मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट, क्लीनिक प्रोटेक्शन एक्ट के साथ-साथ हाल के दिनों में राज्य के अलग-अलग जिलों में डॉक्टरों के साथ घटी घटनाओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के साथ सकारात्मक बैठक हुई है। फिलहाल डॉक्टरों ने 13 मार्च से प्रस्तावित हड़ताल को डॉक्टरों ने स्थगित करने का निर्णय लिया है। वहीं, आईएमए सचिव डॉ प्रदीप सिंह ने बताया कि इस पर बहुत सारी बातें आ रही है। ये फ्लू का ही वैरिएंट है। राज्य में कोई मामला नहीं आया है। कोई सीरियस केस नहीं मिला है। अगर लक्षण आता है तो सावधानी बरतनी होगी। हाइजीन मेंटेन कर डॉक्टर से मिलना है और उचित परामर्श लेना है।












Click it and Unblock the Notifications