सीएम योगी ने बोले, नवरात्रि से आंगनबाडी केंद्रों में शुरू होगी हॉट कुक्ड फूड योजना, बच्चों को मिलेगा गर्म खाना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शारदीय नवरात्र से आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे तीन से छह वर्ष के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाएं और आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के नामांकन के साथ-साथ उपस्थिति में भी सुधार करें। इसके अलावा सीएम ने शारदीय नवरात्र में हॉट कुक्ड मील योजना भी शुरू करने के निर्देश दिए।
योजना के तहत आंगनवाड़ी के तीन से छह वर्ष के बच्चों को गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्हें मौसमी फल भी दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि हॉट कुक्ड मीड में श्रीअन्न को शामिल किया जाना चाहिए। बच्चों को मोटे अनाज के बिस्किट व अन्य चीजें उपलब्ध करायी जाएं। सीएम योगी ने नगर निगम और ग्राम पंचायत स्तर पर खाने के बर्तन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में वर्तमान में किराये पर चल रहे 12,800 आंगनवाड़ी केंद्रों को अपने भवनों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि मुहल्लावार पार्क के एक कोने में आंगनबाडी केंद्र बनाया जाएं। इन भवनों का निर्माण निजी कंपनियों के सीएसआर फंड, शहरी विकास फंड और अन्य संभ्रांत लोगों की मदद से किया जाना चाहिए। जरूरत पड़ने पर शासन से धनराशि भी स्वीकृत कराई जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाडी केंद्रों को प्री-प्राइमरी की तर्ज पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के 24,473 रिक्त पदों और आंगनवाड़ी सहायिकाओं के 26007 पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि लाभार्थियों को टेक होम राशन का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के लिए पोषण आहार उत्पादन इकाइयों की संख्या बढ़ाई जाए। विभाग की ओर से बताया गया कि वर्तमान में राज्य भर में 163 पोषाहार उत्पादन इकाइयां संचालित हो रही हैं। जबकि 204 इकाइयों के लिए टेंडर जारी किये गये थे। इस पर उन्होंने शेष इकाइयों को यथाशीघ्र संचालित करने के निर्देश दिये।
साथ ही पौष्टिक आहार का लाभ सही लाभार्थी तक पहुंचे इसके लिए टेक होम राशन पैकेट में क्यूआर कोड की व्यवस्था की जाए। इससे जहां पारदर्शिता आएगी वहीं लाभार्थी तक पैकेट समय पर पहुंच जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को टेक होम राशन में बाजरा, रागी और अन्य मोटे अनाज जैसे पौष्टिक अनाज को शामिल करने का निर्देश दिया।












Click it and Unblock the Notifications