हरियाणा: 'मुख्यमंत्री शहरी निकाय स्वामित्व' योजना के तहत व्यापारियों को मिला मालिकाना हक

विधायक दीपक मंगला ने सोमवार को 'मुख्यमंत्री शहरी निकाय स्वामित्व' योजना के तहत पलवल शहर के 36 दुकानदारों को मालिकाना हक देते हुए रजिस्ट्रियां सौंपी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चुनावों में जो जनता से वायदे किए थे, उन वादों को पूरा करते हुए स्वामित्व योजना के तहत व्यापारियों को मालिकाना हक दिया है।
यह वक्तव्य सोमवार को स्थानीय विश्राम गृह में पलवल के विधायक दीपक मंगला ने पलवल शहर के व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहे। इस अवसर पर नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल ,वाइस चेयरमैन मनोज बंधु, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुनील व कार्यकारी अभियंता सतपाल सहित नगर परिषद के संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
विधायक दीपक मंगला ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पलवल जिले के दुकानदारों को मालिकाना हक देकर एक सौगात देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री शहरी निकाय स्वामित्व योजना शुरू की गई। योजना के मुताबिक प्रदेश में जितने भी लोग हैं, जिनके पास दुकान होने के बाद भी वह उन पर अपना मालिकाना हक नहीं जता पा रहे थे। सरकार द्वारा इस योजना के अंतर्गत दुकान के मालिक होने का हक प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के अनुसार 31 दिसंबर 2020 में 20 साल होने पर जो नागरिक दुकान का लीज रेंट भर रहे हैं या मकान का किराया भर रहे हैं, उन्हें उनकी प्रॉपर्टी पर स्वामित्व प्रदान किया जाएगा। प्रदेश सरकार की इस योजना का लाभ लेने के लिए पलवल में 200 आवेदन प्राप्त किए गए हैं, जिनमें अभी 36 दुकानों की रजिस्ट्रियां सौंपी गई है। अन्य रजिस्ट्रियों की प्रक्रिया चल रही है और कागजी कार्यवाही पूरी करने के उपरांत दे दिया जाएगा।
विधायक दीपक मंगला ने कहा कि यह दुकानदारों की बहुत पुरानी मांग थी, जिसे हरियाणा के मुख्यमंत्री ने अमलीजामा पहनाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने व्यापारी वर्ग को एक बहुत बड़ी सौगात दी है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गांवों में भी लाल डोरा के अंदर मालिकाना हक दिया है, जिससे जनता व व्यापारियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस अवसर पर व्यापारियों ने दीपक मंगला का फूलों व शाल ओढ़ाकर धन्यवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आशीर्वाद व विधायक दीपक मंगला की मेहनत के कारण ही आज वे अपनी दुकानों के मालिक बन पाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री व विधायक का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने हमसे जो कहा था वह काम पूरा हो गया है, जिसके लिए हम सदा मुख्यमंत्री मनोहर लाल व विधायक दीपक मंगला के आभारी रहेंगे।
इस अवसर पर मुकेश सिंगला,परवीन ग्रोवर, पवन अग्रवाल, सुरेंद्र सिंगला, पार्षदगण, व्यापारीगण और तहसीलदार गणमान्य लोग उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications