दूसरे चरण के पंचायत चुनाव कल, जिला परिषद और ब्लाक समितियों के लिए पड़ेंगे वोट
चंडीगढ़। हरियाणा पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार सुबह सात बजे से नौ जिलों के 57 ब्लाक में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। शाम छह बजे तक होने वाले मतदान में 48 लाख 67 हजार 132 मतदाता अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। हालांकि विजेताओं के नाम 27 नवंबर को घोषित किए जाएंगे जब पूरे प्रदेश में जिला परिषद और ब्लाक समिति सदस्यों के लिए एक साथ मतगणना होगी।

दूसरे चरण में अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में चुनाव होना है। अगर किसी जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के लिए दोबारा मतदान (रि-पोल) होता है तो वह 12 नवंबर को करवाया जाएगा जिस दिन पंच-सरपंचों के चुनाव कराए जाएंगे।
जिप की 158 सीटों पर 1183 और पंचायत समिति की 1199 सीटों पर 4770 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 45 ब्लाक समिति सदस्यों का चयन सर्वसम्मति से हो चुका है। सरपंच के 2558 पदों के लिए 10 हजार 858 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि 125 पंचायतों में सरपंच सर्वसम्मति से चुने जा चुके हैं।
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया कि मतदान के लिए कुल पांच हजार 963 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें से 976 संवेदनशील और 1023 अतिसंवेदनशील हैं। हर मतदान केंद्र पर दो-दो पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी।












Click it and Unblock the Notifications