CCTN सिस्टम में 100% स्कोर के साथ हरियाणा देश में फिर टॉप पर, गृह मंत्री अनिल विज ने दी बधाई
चंडीगढ़. हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (CCTNS) प्रणाली में शत-प्रतिशत अंकों के साथ देशभर में दोबारा प्रथम स्थान हासिल किया है. इस संबंध में अनिल विज ने पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (दूरसंचार व आईटी) एएस चावला सहित पूरे पुलिस विभाग को इस उपलब्धि को दोहराने पर बधाई दी है. यह दूसरी बार है जब हरियाणा पुलिस ने इस प्रणाली के तहत 100 प्रतिशत अंकों के साथ देश में पहला स्थान हासिल किया है. जबकि हिमाचल ने 99.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा और कर्नाटक ने 99.3 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है. गुजरात 99 प्रतिशत स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहा है.

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, (दूरसंचार और आईटी) एएस चावला ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय के प्रगति डैशबोर्ड पर एकीकृत अपराध और आपराधिक नेटवर्किंग और प्रणालियों की समीक्षा तथा निगरानी नियमित अंतराल पर प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न मापदंडों पर करना. राज्य के सभी पुलिस स्टेशनों की कनेक्टिविटी, पुलिस स्टेशनों में कंप्यूटर सिस्टम की उपलब्धता, नागरिक सेवाओं का निपटान, पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण, सिस्टम पर पुलिस स्टेशनों द्वारा किये गए कार्य के साथ ही पुराने डेटा की डिजिटाइजेशन और सिस्टम में उपलब्धता, गिरफ्तार और लापता व्यक्तियों की तस्वीरों का सीसीटीएनएस में इन्द्राज और सिस्टम से तैयार चालानों को अदालतों में जमा करना आदि के लिये की जाती है.

हरियाणा ने डैशबोर्ड में हासिल किये 100% अंक
हरियाणा ने फिर से जुलाई, 2021 के लिए प्रगति डैशबोर्ड के सभी निर्धारित मापदंडों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है. एएस चावला ने बताया कि डीएसपी पवन कुमार, एसआई राजेश कुमार और अन्य की एक विशेष टीम तैनात की गई है, जो प्रगति डैशबोर्ड के सभी मापदंडों पर 24 घंटे फील्ड इकाईयों द्वारा किए गए कार्यों की लगातार निगरानी करती है. उन्होंने टीम को उनके अच्छे काम के लिए बधाई दी और भविष्य में भी मानक बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया.












Click it and Unblock the Notifications