मनोहर लाल सरकार लेकर आई है चारा बिजाई योजना, मिलेगा 10 हजार रुपए प्रति एकड़ से 1 लाख तक का अनुदान
चंडीगढ़, 22 जून। हरियाणा में मनोहर लाल सरकार चारा बिजाई योजना लेकर आई है। इस चारा बिजाई योजना के तहत जो किसान गौशाला के आस-पास चारा उगाएगा उन्हें 10,000 रूपए प्रति एकड़ का अनुदान दिया जाएगा और अधिकतम लाभ की सीमा 1 लाख रूपए है। लाभ प्राप्त करने के लिए किसान भाई 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य सुनिश्चित करें।

गौशालाओं में पशुचारे की किल्लत अब जल्द ही दूर की जाएगी जिसके लिए सरकार नई योजना लेकर आई है। सरकार की चारा बिजाई योजना के तहत जो किसान गौशालाओं से अनुबंध करके उनके पास पशुचारे की बिजाई करेंगे, उन्हें सरकार द्वारा 10 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से अनुदान दिया जाएगा। सरकार ने अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गौशालाओं में चल रही पशु चारे की दिक्कत को दूर किया जा सके। पिछले दिनों गौशालाओं में पशु चारे की किल्लत देखने को मिली थी।
रोहतक के उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार ने किसानों को पशुचारा की फसल उगाने को प्रोत्साहित करने के लिए चारा बिजाई योजना शुरू की है। योजना का उद्देश्य गौशाला में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता भी सुनिश्चित करना है। गौशाला के आसपास चारा उगाने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ अनुदान दिया जाएगा। अधिकतम लाभ की सीमा एक लाख रुपये निर्धारित की है।
चारा बिजाई योजना के तहत किसानों को मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 15 जुलाई तक पंजीकरण करवाना होगा। किसान तथा संबंधित गौशाला आपसी सहमति से अनुबंध के आधार पर चारे का मूल्य व मात्रा निर्धारित कर पोर्टल पर अपना ब्यौरा दर्ज करें। इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नम्बर-1800-180-2117 अथवा जिला के उप-कृषि निदेशक से संपर्क किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications