हरियाणा: सीएम खट्टर ने 2741 करोड़ की कई परियोजनाओं का किया शिलान्यास
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश का एक समान विकास सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए प्रदेशवासियों को विकास परियोजनाओं की सौगात दी है।
नूहं जिला के फिरोजपुर झिरका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने 2741 करोड़ रुपये की 347 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया है। जिसमें रोहतक में 77 करोड़ और गुरुग्राम में 237 करोड़ की परियोजनाएं शामिल हैं।

वहीं नूंह से मुंडाका गांव तक की सड़क के निर्माण की भी घोषणा की गई। यह कार्य नवंबर तक शुरू होने हो जाएगा। इसके अलावा, फिरोजपुर झिरका में 80 गांवों में पेयजल क्षमता को 55 एलपीसीडी से बढ़ाकर 70 एलसीपीडी करने की भी घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 8 सालों से चली आ रही विकास की गति को आज की परियोजनाओं ने ऐतिहासिक बना दिया है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी डिजिटल माध्यम से 6 बार पूरे प्रदेश में विकास परियोजनाओं का उद़्घाटन व शिलान्यास किया गया है, जिससे लगभग साढ़े 12 हजार करोड़ रुपये की लागत की 1100 से अधिक परियोजनाएं जनता को दी गई हैं। आज की परियोजनाओं की 2741 करोड़ रुपये की लागत जोड़ने पर यह लगभग 15 हजार करोड़ हो जाती है। इस तरह डिजिटली एक ही स्थान से इतने व्यापक स्तर पर परियोजनाओं का उद़्घाटन व शिलान्यास करना ई-गवर्नेंस का एक बड़ा उदाहरण है, इससे समय और पैसे की भी बचत हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उद्घाटन की गई रैनीवेल आधारित पेयजल योजना नूहं जिला के लिए सबसे बड़ी परियोजना है, जिसका सीधा लाभ फिरोजपुर झिरका के क्षेत्रवासियों को होगा। इस जिले में जहां पहले बिजली नहीं थी, पानी नहीं था, यहां तक की सिंचाई के लिए भी पानी नहीं था, जहाँ सड़कों की भी बुरी हालत थी, आज हम उन स्थानों पर पानी की कोई कमी नहीं रहने देंगे। उन्होंने कहा कि इस इलाके के लोग जब रमजान में रोजे रखते थे और सायंकाल के समय जब रोजा तोड़ते थे, तो उनको पानी की आवश्यकता होती है, जो उन्हें मौल खरीद कर पानी पड़ता था। अब इस परियोजना से लोगों को पानी खरीदना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में विकास को एक गति प्रदान की है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में हमारी सरकार है। यह डबल इंजन की सरकार ने विकास के मामले में किसी भी क्षेत्र को पीछे नहीं रखा है। उन्होंने कहा कि नूहं जिला को हमेशा पिछड़ा जिला कहा जाता रहा है। पिछली सरकारों ने इसको हमेशा पिछड़ा बनाकर रखा। लेकिन हमारी सरकार आने के बाद हमने हरियाणा एक-हरियाणवी एक का संकल्प लेते हुए हर जिले में एक समान विकास करवाना सुनिश्चित किया। जहां हमारा कोई प्रतिनिधि नहीं है, वहां भी हमने विकास की गति को कम नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications