हरियाणा: विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से, 23 तक चलेगा सत्र
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र बीस फरवरी से आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में गुरुवार को चंडीगढ़ में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र बीस फरवरी से आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में गुरुवार को चंडीगढ़ में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट सत्र का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। 20 फरवरी को बजट सत्र की शुरुआत होगी। पहला चरण 20 से 23 फरवरी तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सत्र का संचालन कब तक होगा, यह बिजनेस सलाहकार समिति की बैठक में तय किया जाएगा। संभवत: 23 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा। दूसरा सत्र 16 मार्च से शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट सत्र के दौरान दस बैठकों का आयोजन किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार ने अपने बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा है, उसी तरह से प्रदेश के बजट में भी सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में वित्तीय घाटे की सीमा राज्य सकल घरेलू उत्पाद का तीन प्रतिशत तक तय की गई है। हरियाणा पहले ही वित्तीय घाटे को इससे कम रखने में सफल रहा है। वित्त वर्ष 2021-22 का वित्तीय घाटा 2.9 प्रतिशत था। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि चालू वित्त वर्ष का घाटा भी इससे कम ही रहेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट के अनुसार देश में वर्ष 2014 से अब तक प्रति व्यक्ति आय दो गुना से अधिक होकर 1.97 लाख रुपये हो गई है। जबकि हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय लगभग 2 लाख 75 हजार रुपये है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक किसानों को 63 हजार करोड़ रुपये की अदायगी डीबीटी के माध्यम से की गई है।
इस बजट के संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की माने तो अबकी बार बजट हर वर्ग के लिए कल्याणार्थ होगा। इस बार बजट में मुख्य रूप से फोकस ग्रामीण विकास, पर्यावरण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र पर रहेगा।
मुख्यमंत्री का मानना है कि निर्यात बढ़ाने वाले उद्योग पर बजट में सरकार फोकस करेगी। इसकी वजह है कि रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने में उद्योगों का सरकार को हमेशा सहयोग मिलता रहता है। मुख्यमंत्री का कहना है कि राष्ट्र की जरूरत के हिसाब से विदेशी मुद्रा बढ़े इस प्रकार से ब्लू प्रिंट बनाया जाएगा। UNO ने इस वर्ष को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष घोषित किया है।












Click it and Unblock the Notifications