पंजाब: गुरमीत सिंह मीत हेयर ने जल संसाधन विभाग में नवनिर्वाचित 68 क्लर्कों को सौंपे नियुक्ति पत्र
पंजाब के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने जल संसाधन विभाग में नवनिर्वाचित 68 क्लर्कों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

पंजाब के जल संसाधन मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में जल संसाधन विभाग में नवनिर्वाचित 68 क्लर्कों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें से 42 क्लर्क जल संसाधन विभाग में और 26 पंजाब जल संसाधन प्रबंधन एवं विकास निगम में भर्ती किए गए हैं। जल संसाधन मंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अब पूरी लगन और ईमानदारी से काम करें ताकि सरकारी दफ्तरों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने एक साल में 29 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं। पंजाब सरकार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दे रही है। जल संसाधन मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में भी सरकार प्रदेश में निवेश अनुकूल माहौल बनाकर नई परियोजनाओं की स्थापना कर युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर पैदा करेगी। मीत हेयर ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं से जनहित में लगन व ईमानदारी से अपनी सेवाएं देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग सीधे तौर पर किसानों से जुड़ा हुआ है, इसलिए नवनियुक्त कर्मचारी पूरी ईमानदारी से अपनी सेवाएं देकर किसानों की भलाई में अपना योगदान दे सकते हैं। पंजाब जल संसाधन प्रबंधन और विकास निगम के चेयरमैन रणजीत सिंह चीमा ने विभाग को मजबूत करने के लिए इस भर्ती को जल्दी करने के लिए मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री का धन्यवाद किया। इस मौके पर अन्य लोगों के अलावा जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव कृष्ण कुमार, निगम के एम.डी. पवन कपूर और अन्य अधिकारी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications