झारखंड में नौकरी पाना होगा आसान, नये पोर्टल में करें रजिस्ट्रेशन
झारनियोजन पोर्टल पर निजी कंपनियां करा रही रजिस्ट्रेशन, अब तक 2545 कंपनियों कराया रजिस्ट्रेशन, टॉप पांच जिले में पूर्वी सिंहभूम सबसे आगे

झारखंड राज्य में संचालित निजी कंपनियों में स्थानीय लोगों को रोजगार मिले, इसके लिए झारखंड सरकार ने कानून बनाया है। इसके साथ ही निजी कंपनियों में नौकरी मिल सके इसके लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है। सरकार की ओर से http://jharniyojan.jharkhand.gov.in नाम से पोर्टल भी शुरू कर दिया गया है। इस पोर्टल में राज्य में संचालित निजी क्षेत्र की कंपनियां खुद को रजिस्टर कर रही हैं। वेबसाइट की लांचिंग को लगभग 15 दिन होने जा रहे हैं। इस पोर्टल पर अब तक 2545 कंपनियों ने खुद को रजिस्टर करा लिया है। औसतन पांच से 10 कंपनियां हर दिन रजिस्टर हो रही हैं।
इस वेबसाइट पर दी गयी जानकारी के अनुसार रजिस्टर्ड 2545 कंपनियों में काम कर रहे कर्मचारियों की संख्या 972 है। इन कर्मचारियों में झारखंड के कर्मचारियों की संख्या महज 351 है। जबकि झारखंड राज्य के बाहर के कर्मचारियों की संख्या 621 है। इस आंकड़े के संबंध में पूछे जाने पर श्रम विभाग की ओर से बताया गया कि अभी कंपनियों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया में कंपनियों को ही इस बात की जानकारी देनी है कि उनके यहां किस ग्रेड के कितने कर्मचारी हैं। उनमें कितने लोग झारखंड के हैं और कितने लोग राज्य के बाहर के। रजिस्ट्रेशन के दौरान ऐसा भी देखा जा रहा है कि कई कर्मचारी झारखंड के हैं, पर उनका रेसिडेंट संबंधित डॉक्यूमेंट नहीं होने की वजह से उन्हें झारखंड के बाहर का काउंट किया गया है। इसमें सुधार होते ही आंकड़े में सुधार हो जाएगा।
कंपनियों के रजिस्ट्रेशन कराने की स्पीड के मुताबिक बीते 12 दिनों में सबसे ज्यादा पूर्वी सिंहभूम जिले से कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यहां से 558 कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। टॉप पांच जिले की बात करें तो पहले नंबर पर पूर्वी सिंहभूम है। यहां से 558 कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। दूसरे नंबर पर धनबाद है। यहां से 235 कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। तीसरे नंबर पर बोकारो है। यहां के 228 कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। चौथे नंबर पर सरायकेला-खरसावां जिला है। यहां से 193 कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पांचवें नंबर पर 169 कंपनियों के साथ राजधानी रांची है।
पश्चिमी सिंहभूम : 100
चतरा : 46
देवघर : 48
दुमका : 78
गढ़वा : 32
गिरिडीह : 76
गोड्डा : 84
गुमला : 24
हजारीबाग : 62
जामताड़ा : 22
खूंटी : 16
कोडरमा : 73
लातेहार : 31
लोहरदगा : 21
पाकुड़ : 30
पलामू : 73
रामगढ़ : 87
साहिबगंज : 30
सिमडेगा : 16
राज्य में विभिन्न इंप्लॉयमेंट एक्सचेंज के माध्यम से समय-समय पर रोजगार कैंप लगाए जाते हैं। पर यहां कंपनियों की संख्या काफी कम होती है। सरकार ने अपनी पड़ताल में यह भी पाया कि स्थानीय कंपनियों द्वारा राज्य से बाहर के व्यक्तियों को रखा जाता है एवं स्थानीय लोगों को कम अवसर दिये जाते हैं। ऐसे में राज्य के लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त हो, के उद्देश्य से "झारखण्ड राज्य के निजी क्षेत्र में स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन अधिनियम 2021" पारित किया गया है। यह अधिनियम 12 सितंबर 2022 से पूरे राज्य में लागू है।
राज्य सरकार की यह नियमावली यह सुनिश्चित करेगी कि निजी क्षेत्र की कंपनियों में अगर कोई वेकेंसी निकलती है। और उस वेकेंसी के तहत नियुक्त लोगों को 40 हजार तक वेतन दिया जाएगा तो ऐसी नियुक्ति में 75 फीसदी स्थानीय (झाखंड) को नियुक्त करना होगा। निजी क्षेत्र की वैसी कंपनियां जहां 10 से इससे अधिक कर्मचारी हैं, उन कंपनियों को रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।












Click it and Unblock the Notifications