हरियाणा: कर्मचारी संघ ने 29 अक्टूबर तक बढ़ाई हड़ताल, सड़कों पर लगा गंदगी का अंबार
चंडीगढ़। हरियाणा के शहर व कस्बे में सड़ रहा कचरा अब तीन दिन और नहीं उठेगा, क्योंकि नगर पालिका कर्मचारी संघ ने 29 अक्तूबर तक हड़ताल बढ़ाने का निर्णय लिया है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने बयान जारी कर कहा है कि सरकार कर्मचारियों की मांगों के प्रति सकारात्मक नहीं है। मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे मामले में हस्तक्षेप कर कर्मचारियों की मांगों को पूरा करें। तभी हड़ताल खत्म होगी।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर 19 अक्टूबर से प्रदेश में हड़ताल का आह्वान किया गया था। प्रदेश के शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के साथ हुई वार्ता विफल होने के बाद संघ ने हड़ताल 23 अक्टूबर तक बढ़ा दी थी। बातचीत आगे न बढ़ने पर फिर हड़ताल 26 अक्तूबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अब 26 अक्टूबर को नगर पालिका कर्मचारी संघ ने 29 अक्टूबर तक हड़ताल बढ़ा दी है।
नगर पालिका कर्मचारी संघ का दावा है कि प्रदेश में 40 हजार के करीब नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिकाओं के कच्चे व पक्के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। शहरों व कस्बों में कचरे के ढेर लग गए हैं। बावजूद इसके सरकार मांगों को पूरा नहीं कर रही है। न ही अभी तक बातचीत के लिए नगर पालिका कर्मचारी संघ को बुलाया गया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होती, सफाई कर्मियों की लड़ाई जारी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications