फिरोजाबादः चूड़ी जोड़ी, चाय पी और सितारा को अपना बना गई प्रियंका
फिरोजाबाद। नेशनल हाईवे से सिरसागंज शक्ति संवाद में जा रही प्रियंका गांधी ने महिला चूड़ी श्रमिक के घर पहुंचकर ऐसा अपनापन दिखाया कि दिल जीत गईं। साथ बैठीं, चूड़ी जोड़ी और मजदूरी पूछी। इसके बाद चाय पीकर बच्चे के कपड़े तह किए। 20 मिनट तक घर में रहने के बाद वे मदद का भरोसा दिलाकर चली गईं। बुधवार दोपहर डेढ़ बजे से सिरसागंज के गिरधारी इंटर कालेज मैदान पर आयोजित शक्ति संवाद में प्रियंका गांधी को पहुंचना था। रास्ते में जाते समय प्रियंका गांधी ने मक्खनपुर में बिल्टीगढ़ चौराहे पर अचानक गाड़ी रुकवाई और सड़क पार करते हुए नगला तुरकिया की तंग गली में रहने वाली सितारा देवी के घर पहुंच गई।

पिछले दस सालों से चूड़ी जुड़ाई का काम करने वाली सितारा प्रियंका को देख अवाक रह गई। अभिवादन के बाद सितारा के एक कमरे के घर में घुसी। चारपाई पर बैठने के बाद बातचीत शुरू की। इसके बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि कैसे जोड़ती हो चूड़ी, मुझे भी बताओ। इसके बाद वे सितारा के साथ जमीन पर बैठकर चूड़ी जोड़ने लगी। पूछा कि चूड़ी जोड़ने के लिए कितना पैसा मिलता है।
सितारा देवी ने तीन रुपये बताया तो प्रियंका बोली एक चूड़ी का। 296 चूड़ी के तोड़े की जुड़ाई तीन रुपये बताने पर वे चौंक गईं। सितारा ने बताया कि वह दिन में दस तोड़े जोड़ लेती है। इसके बाद सितारा उनके लिए चाय बनाने लगी तो प्रियंका गांधी ने चारपाई पर पड़े उसके बेटे के कपड़े तह कर दिए और बेटी को भी दुलारा। चाय पीकर वे गले मिलीं और चली गईं।
शक्ति संवाद में उन्होंने सितारा देवी की तीन रुपये की मजदूरी का जिक्र किया। जागरण से बात करते हुए सितारा बोली कि सुबह दो लोग चूड़ी जुड़ाई की पूछने आए थे। इसके बाद अचानक प्रियंका आ गईं। वे बहुत अच्छी हैं। उनके जाने के बाद कई लोग मुझसे मिलने आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications