राजनीति में महिलाओं की भागीदारी जरूरी, दुष्यंत चौटाला ने कहा- सरकार उठा रही है सही कदम
महिला आरक्षण बिल को हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सही कदम बताया। उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी ने अपने संगठन में महिलाओं को अहम पद देकर महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने का काम रही है।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने रोहतक में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने भी वादे मुताबिक पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं 50 प्रतिशत आरक्षण देकर 50 प्रतिशत महिला पंच, सरपंच बनाने का काम किया है।

इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा कानूनी रूप से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रावधान करने की दिशा में कदम उठाना अच्छी पहल है और वे इसके लिए सभी सांसदों को बधाई देते हैं।
डिप्टी सीएम ने उम्मीद जताते हुए कहा कि देश के सभी राज्यों की विधानसभाएं भी महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए इस प्रावधान को सर्वसम्मति से पास करें। डिप्टी सीएम ने पत्रकारों के इनेलो से संबंधित एक सवाल के जवाब में कहा कि पहले इनेलो राजस्थान में चुनाव लड़ती थी और जीतती थी लेकिन अब जेजेपी राजस्थान में चुनाव लड़ने और जीतने में सक्षम है।
जबकि, इनेलो हरियाणा में आज सिमट कर एक सीट पर रह गई है। उन्होंने कहा कि साल 2003 में जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय चौटाला की मेहनत की वजह से छह विधायक राजस्थान में बने थे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजस्थान में जेजेपी 25-30 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
इस दौरान उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को चौ. देवीलाल की 110 वीं जयंती पर उनकी कर्मभूमि सीकर में पार्टी ऐतिहासिक रैली करेगी। बीजेपी नेता बीरेंद्र सिंह के एक बयान के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि बीरेंद्र सिंह देश के दो बड़े विभागों के मंत्री रह चुके हैं, अगर वे आज ये बात कहते है कि किसान-मजदूर कमजोर है तो यह उनका फेलियर हैं, न कि सरकार का।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार तमाम व्यवस्थाओं के साथ समय पर बिना देरी किसानों की फसल खरीदती है और उसका सीधा खातों में भुगतान करती है। इससे पहले डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में रखे गए ज्यादातर एजेंडों का मौके पर निपटारा कर दिया गया और अन्य शिकायत लंबित रखते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। डिप्टी सीएम ने ओमेक्स सिटी को निर्धारित अवधि में सरकार की लंबित राशि का भुगतान करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने निजी सोसायटियों में फ्लोर अनुसार बिजली कनेक्शन की राशि निर्धारित करने के लिए नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति भी गठित करने आदेश दिए।
गांव अस्थल बोहर में एक माह में पेयजल सप्लाई दुरुस्त करने, अस्थल बोहर कॉलोनी में अमरूत-2 योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर सीवर लाइन प्रस्तावित, सेक्टर 21-पी में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने सहित जनहित में कई आदेश अधिकारियों को दिए। दुष्यंत चौटाला ने रोहतक दौरे के दौरान गांव कारौर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के तीन करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की धनराशि के नवनिर्मित तीन मंजिला भवन का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय विद्यालयों में निजी विद्यालयों से ज्यादा बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि नागरिक निजी विद्यालयों के मोह को त्याग कर राजकीय विद्यालयों में अपने बच्चों को पढ़ाएं।












Click it and Unblock the Notifications