हरियाणा में विकास करके दिखाया है, राजस्थान में परिवर्तन लाना है: दुष्यंत चौटाला
राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता के पास कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार से छुटकारा पाकर प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन लाने का सुनहरा अवसर है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी ने हरियाणा में बड़े बदलाव के कदम उठाकर गरीब किसान, कमेरे, युवा वर्ग को लाभान्वित किया है इसलिए राजस्थान के हित में स्थानीय लोग जेजेपी का साथ दें। ताकि, हम सब मिलकर राजस्थान में बड़ा बदलाव ला सके।

ये बात हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शनिवार 14 अक्टूबर को जन संकल्प यात्रा के दूसरे दिन दातारामगढ़ में स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जेजेपी ने सरकार में हिस्सेदारी करके हरियाणा में बड़े परिवर्तन लाकर दिखाएं है।
कहा कि आज हरियाणा के किसानों की 13 फसलें एमएसपी पर खरीद जा रही है, जबकि राजस्थान के किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम तक नहीं मिल रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों की फसलों की बेहतर ढंग से खरीद करके दो दिन में उसका भुगतान सीधा खातों में किया जाता है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा के युवाओं को प्राइवेट सेक्टर में रोजगार देने के लिए 75 प्रतिशत रोजगार कानून बनाया गया है। कहा कि राजस्थान में जेजेपी की सरकार में हिस्सेदारी होने पर यहां के युवाओं के लिए भी प्राइवेट उद्योगों में स्थानीय युवाओं के लिए 75 प्रतिशत रोजगार का हक दिलाया जाएगा।
इसी तरह हरियाणा की तर्ज पर यहां महिलाओं को राशन डिपो में 33 प्रतिशत आरक्षण, पंचायती संस्थाओं में 50 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी। जन संकल्प यात्रा की कमान संभाल रहे जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने रोड शो के दौरान दुकानदारों, स्थानीयों लोगों के पास जाकर जेजेपी को समर्थन देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली पार्टी जेजेपी राजस्थान में बदलाव लाना चाहती है। दिग्विजय ने कहा कि राजस्थान के लोगों से उनका पुराना नाता है। कहा कि दुष्यंत चौटाला हरियाणा की तरह राजस्थान के किसानों, महिलाओं, युवाओं, कमेरे वर्ग के हित में ऐतिहासिक कदम उठाने की क्षमता रखते है इसलिए स्थानीय लोग दुष्यंत चौटाला और जेजेपी का साथ दें।
इस दौरान सरदार सिंह आर्य खंडेला अपने समर्थकों सहित जेजेपी में शामिल हुए। सरदार सिंह आर्य भाजपा के सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक और भाजपा मंडल महामंत्री रहे हैं। वे वर्तमान में ग्राम सेवा सहकारी समिति के 17 सालों से अध्यक्ष हैं। इनके पिता स्वर्गीय हनुमान सिंह आर्य दो बार पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं और विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications