हरियाणा: डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला बोले, भिवानी, नारनौल व करनाल हवाई पट्टी का होगा विस्तार
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सिविल एविएशन से संबंधित राज्यभर में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स से जुड़े अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की और कार्यों की समीक्षा की।

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिविल एविएशन से संबंधित सभी प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि राज्य को उड़ान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर चमकाया जा सके। उन्होंने निर्धारित अवधि में सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि ढिलाई कतई सहन नहीं की जाएगी। डिप्टी सीएम ने सोमवार को यहां सिविल एविएशन से संबंधित राज्यभर में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स से जुड़े अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की और कार्यों की समीक्षा की।
दुष्यंत ने भिवानी, नारनौल, करनाल, गुरुग्राम आदि एयरस्ट्रिप व हेलीपोर्ट बारे जमीन का अधिग्रहण व उनको विकसित करने बारे विस्तार से चर्चा की। हिसार एयरपोर्ट के बारे में भी अधिकारियों से फीडबैक लिया और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया कि भिवानी एयरस्टि्रप को विकसित करने के लिए 270 एकड़ भूमि की उपयुक्तता की रिपोर्ट भिवानी के उपायुक्त से आ चुकी है। जल्द ही उक्त भूमि को एक्वायर करने की प्रक्रिया पूरा कर ली जाएगी।
नारनौल व करनाल की एयरस्टि्रप के विस्तार के लिए भी अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने गुरुग्राम में बनने वाले हेलीपोर्ट बारे पूछताछ की तो अधिकारियों ने बताया कि पवन हंस लिमिटेड कंपनी ने फिजीब्लिटी स्टडी पूरी कर ली है। 31 मार्च, 2023 तक इसकी संभावित कीमत का खाका तैयार कर लिया जाएगा। दुष्यंत ने हिसार को एविएशन हब और अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि 31 मई, 2023 तक हवाई अड्डे की बाऊंड्री वॉल पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से हवाई अड्डे में पेयजल की आपूर्ति तथा बरसाती पानी की निकासी के प्रोजेक्ट के कार्य को 15 अप्रैल, 2023 तक पूरा करने के निर्देश दिए। सिक्योरिटी वॉच-टावर के टेंडर अप्रैल में जारी कर काम शुरू करने की हिदायत दी।
वहीं हरियाणा सरकार द्वारा स्टार्टअप शुरू करने वाले युवा उद्यमियों की तरह 'पदमा' (प्रोग्राम टू एक्सीलेरेट डेवलपमेंट फॉर एमएसएमई एडवांसमेंट) में भी वेंचर कैपिटल फंड स्थापित किया जाएगा ताकि वन ब्लॉक-वन प्रोडक्ट के तहत अधिक से अधिक युवा एंटरप्रेन्योर बन सके। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को यहां पदमा की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद दी।












Click it and Unblock the Notifications