दिल्ली सरकार का निर्देश- रैन बसेरों में फिर से बंटेगा भोजन
नई दिल्ली: दिल्ली के रैन बसेरों में रविवार से बेघरों को फिर से भोजन मिलना शुरू हो जाएगा। शुक्रवार से इसे बंद कर दिया गया था। मगर दिल्ली सरकार के निर्देश पर अब फिर से शुरू किया जा रहा है। दिल्ली सरकार ने कहा है कि केजरीवाल सरकार शहर भर में अपने सभी आश्रय गृहों में बेघरों को मुफ्त पका भोजन वितरित करना जारी रखेगी। गरीबों की ओर ध्यान देना किसी भी जिम्मेदार सरकार का यह पहला काम है।

दिल्ल्ली सरकार के रैन बसेरों में अक्षय पात्र संस्था बेघरों को भोजन देती है। मगर 16 सितंबर से अक्षय पात्र फाउंडेशन ने दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के रैन बसेरा में भोजन की सुविधा बंद करने का निर्णय लिया था। फाउंडेशन जुलाई 2021 से राष्ट्रीय राजधानी में अपने तीन केंद्रीकृत रसोई के माध्यम से रैन बसेराें में बेघर लोगों को भोजन परोस रही है। शुरू में अक्षय पात्र ने अपने स्वयं के दानदाताओं द्वारा समर्थित भोजन को 7-8 महीने से अधिक समय तक फ्री में परोसा। उसके बाद हाल के 5-6 महीनों के लिए डूसिब ने भोजन के लिए अनुदान आवंटित करके इस सेवा का समर्थन किया।
डूसिब का अनुदान भोजन की आपूर्ति की लागत का लगभग 60 प्रतिशत कवर कर रहा था, शेष 40 प्रतिशत अक्षय पात्र द्वारा अपने दानदाताओं के माध्यम से उठाया जा रहा था। कोविड के बाद अक्षय पात्र फाउंडेशन को इस कार्यक्रम के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने में कमी आ रही है। जिससे अक्षय पात्र ने डूसिब से कई महीने पहले सेवा को बंद करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था। डूसिब ने पुष्टि की है कि अक्षय पात्र ने 16 सितंबर से रैन बसेरों में अपनी सेवा बंद कर दी थी। मगर अब फिर से अक्षय पात्र ही रविवार से भोजन देगा। मगर अब इसमें बदलाव किया गया है। जिससे अक्षय पात्र का कुल अंशदान 40 प्रतिशत की जगह 20 प्रतिशत रह जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications