दिल्ली सरकार का नया प्लान, मोहल्ला क्लीनिक के बाद अब मोहल्ला बस स्कीम की हो सकती है शुरुआत
दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो गया, एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार मोहल्ला क्लिनिक की तर्ज पर एक नई ‘मोहल्ला बस स्कीम’ लाने जा रही है।

देश की राजधानी में केजरीवाल सरकार मोहल्ला क्लिनिक (Mohalla Clinic) की तर्ज पर मोहल्ला बस स्कीम (Mohalla Bus Scheme) की शुरुआत कर सकती है. दिल्ली सरकार के सूत्रों ने कहा कि दिल्ली के 2023-24 के बजट में लास्ट माइल कनेक्टिविटी योजना के तहत इस बस सर्विस का ऐलान किया जा सकता है. देश की राजधानी के ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने पर भी ध्यान दिया जाएगा.
दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो गया. सरकार की ओर से सोमवार को राज्य के आर्थिक सर्वेक्षण और आउटकम बजट पेश करने की संभावना है, जबकि एनुअल बजट मंगलवार को पेश किया जाएगा.
अब दिल्ली सरकार लाएगी मोहल्ला बस स्कीम
दिल्ली सरकार के सूत्रों के हवाले से टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, केजरीवाल सरकार मोहल्ला क्लिनिक की तर्ज पर एक नई 'मोहल्ला बस स्कीम' लाने जा रही है. जिस तरह मोहल्ला क्लिनिकों के जरिए लोगों को घर के नजदीक ही इलाज की सुविधा दी जा रही हैं, उसी तरह से मोहल्ला बस सर्विस के जरिए रिहायशी कॉलोनियों से नजदीकी इलाकों में आने-जाने के लिए लोगों को बस सर्विस मिलेगी.
2,000 से अधिक छोटी बसों को खरीदेगी सरकार
मोहल्ला बस सर्विस नामक एक डेडिकेटेड लास्ट माइल कनेक्टिविटी स्कीम की घोषणा बजट में की जा सकती है. परिवहन विभाग के सूत्रों ने कहा कि सरकार मेट्रो फीडर बस सेवाओं की तरह 2,000 से अधिक छोटी बसों की खरीद करेगी. ये बसें कनेक्टिविटी में सुधार के लिए दिल्ली के इलाकों को मेट्रो स्टेशनों और महत्वपूर्ण ट्रांसपोर्ट जंक्शनों से जोड़ेंगे.












Click it and Unblock the Notifications