दिल्ली सरकार को तीसरी तिमाही में मिला 12 फीसदी ज्यादा जीएसटी
दिल्ली सरकार का GST वसूली से खजाना खूब भर रहा है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में दिल्ली सरकार के जीएसटी संग्रह में करीब 12 फीसदी इजाफा हुआ है।

नई दिल्लीः दिल्ली सरकार का GST वसूली से खजाना खूब भर रहा है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में दिल्ली सरकार के जीएसटी संग्रह में करीब 12 फीसदी इजाफा हुआ है। इस तिमाही के दौरान ही त्योहारी कारोबार हुआ। साल 2022 के दिसंबर में सालाना आधार पर जीएसटी वसूली में 17 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि नवंबर की तुलना में दिसंबर में कम जीएसटी संग्रह हुआ।
तीसरी तिमाही में जीएसटी वसूली 12 फीसदी बढ़कर 6,818 करोड़ रुपये
दिल्ली सरकार को वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में 6,818 करोड़ रुपये जीएसटी के रूप में प्राप्त हुए हैं, जबकि वर्ष 2021-22 की समान अवधि में यह आंकड़ा 6,093 करोड़ रुपये था। इस तरह इस वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही से 12 फीसदी ज्यादा जीएसटी वसूली हुई।
साल 2022 के दिसंबर महीने में 2,200 करोड़ रुपये जीएसटी वसूली हुई, जो साल 2021 के दिसंबर में हुई 1,877 करोड़ रुपये जीएसटी वसूली से 17 फीसदी ज्यादा है। हालांकि दिसंबर में नवंबर से कम जीएसटी वसूली हुई। नवंबर में 2,283 करोड़ रुपये जीएसटी वसूली हुई थी, जबकि दिसंबर में यह आंकड़ा 2,200 करोड़ रुपये है। त्योहारी बिक्री जोरों पर होने के कारण नवंबर में अधिक जीएसटी संग्रह हुआ। दिसंबर के दौरान त्योहारी कारोबार का असर खत्म हो गया था। इसलिए नवंबर की तुलना में दिसंबर में जीएसटी संग्रह में कमी दिख रही है।
चालू वित्त वर्ष में दिसंबर तक जीएसटी वसूली 22.50 फीसदी बढ़ी
दिल्ली सरकार को चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-दिसंबर अवधि में 20,675 करोड़ रुपये की जीएसटी वसूली हुई है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में हुई 16,845 करोड़ रुपये जीएसटी वसूली से करीब 22.50 फीसदी अधिक है। दिल्ली सरकार ने चालू वित्त वर्ष के बजट में 26,000 करोड़ रुपये जीएसटी वसूली का लक्ष्य रखा है। दिल्ली सरकार के कर राजस्व का सबसे बड़ा स्रोत जीएसटी वसूली ही है।












Click it and Unblock the Notifications