अडानी मामले की जांच के लिए JPC बनने तक संसद में होगा गतिरोध: संजय सिंह
अडानी मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता अब विरोध करने सड़कों पर उतरे हैं। आप नेता संजय सिंह ने कहा कि जब तक मामले की जांच जपीसी से कराने का फैसला नहीं लिया जाता संसद में गतिरोध जारी रहेगा।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि अडानी मामले की जांच के लिए जेपीसी गठित होने तक संसद में गतिरोध जारी रहेगा। आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को कहा कि संसद में गतिरोध जारी रहेगा और अडाणी समूह द्वारा कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक संयुक्त संसदीय समिति (JPC) गठित होने तक विपक्ष अपना विरोध जारी रखेगा। पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य व पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह ने गौतम अडाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सांठगांठ का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष उन लोगों को नहीं बख्शेगा, जिन्होंने "देश की लाखों-करोड़ों रुपये की संपत्ति लूट ली"।
प्रधानमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए
सीबीआई द्वारा जेल में बंद आप नेता मनीष सिसोदिया के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किए जाने को लेकर संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा, "फिलहाल हमारा मुद्दा है: मोदी-अडाणी भाई-भाई, देश बेचकर खाई मलाई। प्रधानमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए।" उन्होंने कहा, ठइससे ध्यान भटकाने के लिए हर किसी के खिलाफ मामले दर्ज किये जा रहे हैं और छापे मारे जा रहे हैं...मोदी जी की कार्रवाई अब कॉमेडी सर्कस बन गई है।
एक ताजा मामला दर्ज
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सिसोदिया पर आधिकारिक पद के कथित दुरूपयोग और "राजनीतिक जासूसी" के लिए शहर सरकार की फीडबैक यूनिट का उपयोग करने से संबंधित एक ताजा मामला दर्ज किया है। सिंह ने कहा, "अगर आप चाहें तो हमें सूली पर चढ़ा दीजिए मोदी जी... लेकिन भारत माता की लाखों-करोड़ों की संपत्ति लूटने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं। लड़ाई शुरू हो चुकी है। आपको जेपीसी का गठन करना पड़ेगा।" प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा, "संसद में गतिरोध जारी रहेगा। लोगों को यह बताने के लिए कि आपने और अडाणी ने भारत माता की संपत्ति लूटी।"












Click it and Unblock the Notifications