बारिश कम हो या ज्यादा, चिंता न करें किसान, सीएम योगी ने कहा- नहरों के आखिरी छोर तक पहुंचाया जाएगा पानी
कम बारिश के कारण सूखे का खतरा झेल रहे किसानों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया है कि सरकार हर कदम पर उनके साथ है। सीएम ने कहा कि बारिश कम हो या ज्यादा, चिंता मत कीजिए। सीएम योगी ने एक उच्चस्तरीय बैठक मेंराज्य के विभिन्न जिलों में कम बारिश से उत्पन्न स्थिति और उससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। इसके लिए सीएम योगी ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के कुछ हिस्सों को छोड़कर ज्यादातर जिलों में पिछले साल की तरह इस बार भी बारिश असामान्य है और इसमें कोई निरंतरता नहीं है। ऐसे में किसानों की जरूरतों का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए। सीएम योगी ने किसानों के हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि बारिश कम हो या ज्यादा, किसानों को इसके लिए चिंता नहीं करनी चाहिए, सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हर हाल में नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए नदियों को चैनलाइज़ कर उनके पानी को नहरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि पानी हर हाल में नहर की टेल तक पहुंचे। नहरों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त की जाए, यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई बीच में नहर न काट सके। सीएम ने सिंचाई और बिजली विभाग को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता किसानों का हित हमारी प्राथमिकता है। ऐसे में सर्वे कराकर कम बारिश के असर का सटीक आकलन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जलाशयों में जमा गाद की सफाई करायी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम वर्षा होने की स्थिति में किसानों को अन्य वैकल्पिक फसलें बोने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि ट्यूबवेलों एवं पंप कैनालों को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कम बारिश की पाक्षिक रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि निजी ट्यूबवेल संचालकों को वर्षा जल संचयन के लिए प्रेरित किया जाए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून से अब तक कुल 281.2 मिमी वर्षा दर्ज की गयी है, जो सामान्य वर्षा का 84.3 प्रतिशत है। बैठक में कृषि मंत्री की ओर से बताया गया कि राज्य में अब तक 86.07 फीसदी धान की बुआई हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications