रेल मंत्री से मिले सीएम पुष्कर सिंह धामी, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में रेल भवन पहुंचकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर प्रदेश में सुदृढ़ रेल कनेक्टिविटी के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने रेल मंत्री से लखनऊ से देहरादून के मध्य "वंदे भारत एक्सप्रेस" के संचालन और पर्वतीय क्षेत्रों में रेल सेवा के विस्तार के मद्देनजर बहुप्रतीक्षित टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन निर्माण की जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद से काठगोदाम, हरिद्वार और देहरादून को जोड़ने हेतु सीधी रेल सेवा शुरू करने, दून एक्सप्रेस में कोटद्वार के कोच का और जनता एक्सप्रेस में रामनगर के कोच का दोबारा परिचालन करने और टनकपुर से राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी तक नई रेल सेवा शुरू करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'रेल सेवाओं के विस्तार से प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों के लिए आने वाले समय में यातायात सुगम होगा साथ ही पर्यटन प्रमुख राज्य होने के कारण प्रदेश की आर्थिकी भी सशक्त होगी'। वहीं केंद्रीय रेल मंत्री ने हर सम्भव सहयोग के प्रति मुख्यमंत्री धामी को आश्वस्त किया है।
हाल ही में सीएम धामी ने वर्चुअल माध्यम द्वारा कोटद्वार और आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) के बीच एक नई ट्रेन सेवा के उद्घाटन को हरी झंडी दिखाई थी। 14090/14089 नंबर वाली नई ट्रेन कोटद्वार और दिल्ली के बीच चलेगी। यह कोटद्वार से रात 10:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगली सुबह 04:35 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन आनंद विहार से रात 9:45 बजे चलेगी और अगली सुबह 03:50 बजे कोटद्वार पहुंचेगी।












Click it and Unblock the Notifications