सीएम मनोहर लाल बोले, जनता हमारे लिए सब कुछ, सीएम व पीएम का ध्यान रखना अधिकारियों की जिम्मेदारी
सीएम खट्टर ने कहा कि, अधिकारी सीएम यानी कॉमन मैन और पीएम यानी प्राइमरी मेंबर ऑफ द सोसायटी का ध्यान रखें।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार द्वारा बनाई गई किसी भी कल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन में अधिकारियों की अहम भूमिका होती है। इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए कर्तव्यबद्ध हैं कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे। जनता हमारे लिए सब कुछ है। इसलिए अधिकारी सीएम यानी कॉमन मैन और पीएम यानी प्राइमरी मेंबर ऑफ द सोसायटी का ध्यान रखें। मुख्यमंत्री मुख्य सचिव संजीव कौशल, विभिन्न प्रशासनिक सचिवों, मंडल आयुक्तों व उपायुक्तों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कर रहे थे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि के कारण खराब हुई फसलों की विशेष गिरदावरी 15 अप्रैल तक पूरा करें ताकि किसानों को मई माह तक पूरा मुआवजा वितरित किया जा सके। किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े, इसलिए जल्द से जल्द सभी कार्य को पूरा करें। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने मुख्यमंत्री को बताया कि विशेष गिरदावरी के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं और 15 अप्रैल तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
एमएमएपीयूवाई, एमएफएमबी आदि प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई
बैठक के दौरान परिवार पहचान पत्र, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, स्वामित्व, चिरायु हरियाणा, निरोगी हरियाणा, अमृत सरोवर, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा, दयालु योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल आदि सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि किसी भी कल्याणकारी योजना को तैयार करते समय सरकार का लक्ष्य पात्र लाभार्थियों को लाभ पहुंचाना होता है। इसलिए अधिकारी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें।
जनता से मिलने के लिए प्रतिदिन दो घंटे का समय करें निर्धारित
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को आम जनता से ज्यादा से ज्यादा संवाद पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों सहित फील्ड अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रोजाना कम से कम 2 घंटे सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक का समय जनता से मिलने के लिए निर्धारित करें, ताकि आम जनमानस अपनी समस्याओं को सीधे आप तक पहुंचा सके। उन्होंने कहा कि इन 2 घंटों में अधिकारियों के साथ मुख्यालय से भी कोई वीडियो कांफ्रेंसिंग नहीं की जाएगी। इसके अलावा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से भी नियमित संवाद किया जाए क्योंकि वे भी समाज कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications