रबी फसल की खरीद मानदंडों में छूट के लिए सीएम खट्टर ने पीएम का आभार व्यक्त किया
मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि किसानों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण व उपभोक्ता मामले मंत्री से टेलीफोन पर बात की थी।

हरियाणा के किसानों के लिए फसल खरीद के मानदंडों में केंद्र सरकार द्वारा छूट दी गई है। गौरतलब है कि पिछले दिनों हई बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से किसानों का काफी नुकसान हुआ था। फसल नुकसानी के मद्देनजर केंद्र सरकार ने किसानों को रहात दी है। रबी फसल में लस्टर लॉस या दाना टूटने के नुकसान के मद्देनज़र खरीद के मानदंडो में छूट देने के लिए मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी का अभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण व उपभोक्ता मामले मंत्री से टेलीफोन पर बात की थी। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया था कि सरकार द्वारा गेंहू की खरीद मानदंडों में छूट दी जाएगी। इसी कड़ी में केंद्र सरकार द्वारा इस आशय का परिपत्र भी जारी कर दिया है। उन्होंने किसानों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि कुदरत के आगे किसी का बस नहीं चलता। उन्होंने कहा कि किसानी एक ऐसा व्यवसाय है जिसमें हर वक़्त जोखिम रहता है, जब तक फसल खेत-खलिहान से किसान के घर नहीं आती तब तक किसान असंजमस में रहता है।
मई तक मिलेगा किसानों को मुआवजा
उन्होंने कहा कि संयोग से ऐसा ही वक्त 2015 में भी आया था जब फरवरी माह में बेमौसमी बारिश से गेंहू की फसल को ऐसा ही नुकसान हुआ था जैसा कि अब हुआ है। उस समय प्रदेश सरकार ने 1190 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को दिया था। वह भी मई-जून से पहले- पहले जब किसानों को अपने परिवार में विवाह-शादी या अन्य कार्यों के लिए पैसों की जरूरत होती है। इस बार भी बजट सत्र के दौरान विधानसभा सदन में विशेष गिरदावरी का आश्वासन दिया था। इसको लेकर कार्य भी चल रहा है। ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल भी खुला है और किसान इस पर भी अपनी फसल के खराबे की जानकारी अपलोड कर सकता है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की तस्दीक के बाद किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। इस बार भी मई तक पूरा मुआवजा किसानों के खाते में पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है। गेंहू के एक-एक दाने की खरीद 2125 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि गेंहू में उसमें लस्टर लॉस हो या टूटा हुआ दाना हो उसके अनुरूप मानदंड में छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ही देश का ऐसा प्रदेश है जहां 48 से 72 घंटों में किसान की फसल खरीद का भुगतान किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications