दिल्ली विधानसभा में सीएम केजरीवाल का केंद्र पर तीखा हमला, कहा- मणिपुर पीएम अब तक चुप क्यों
दिल्ली विधानसभा में विशेष सत्र का आज दूसरा दिन रहा। इस दौरान दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
दिल्ली विधानसभा में मणिपुर घटना को लेकर सीएम केजरीवाल ने केंद्र पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा की पीएम अभी भी चुप हैं। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी को कम से कम शांति की अपील करनी चाहिए थी। लेकिन पीएम मणिपुर में शांति के लिए अपील तक जारी नहीं कर रहे हैं। दिल्ली के सीएम ने कहा कि मणिपुर में 4 हजार घर जलाए गए, 60 हजार लोग बेघर हुए, डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों की मौत हुई। साढ़े 300 धार्मिक स्थल जलाए गए, असम राइफल और मणिपुर पुलिस के बीच गोलाबारी हुई।
सीएम ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत की थू-थू हुई। लेकिन भारत के प्रधानमंत्री चुप रहे। उन्होंने कहा कि जब एक वीडियो वायरल हुआ, महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ तब भी प्रधानमंत्री चुप रहे। जबकि मणिपुर के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि वहां यह रोज हो रहा है। घर में सब्जी ना बने, पानी ना आए तो प्रधानमंत्री को याद नहीं करते। लेकिन जब सारे सिस्टम फ़ैल हो जाएं तब लोग प्रधानमंत्री को याद करते हैं।केजरीवाल ने नूंह हिंसा का भी मुद्दा विधानसभा में उठाया। और बीजेपी पर वार किया ।

जवाहरलाल नेहरू से की तुलना
विधानसभा में सीएम केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के लोग पानी पी-पी कर जवाहरलाल नेहरू को गाली देते हैं। कम से कम जवाहरलाल नेहरू ने आंखों में आंखें डालकर चीन से युद्ध तो किया था। देश के लोगों से पूछना चाहता हूं कि आपको बिजनेस करने वाला प्रधानमंत्री चाहिए या देश का सम्मान करने वाला प्रधानमंत्री चाहिए। उन्होंने कहा कि हाथ में हाथ डालकर मंदिर में घूमने से इश्क होता है कूटनीति नहीं होती है। डिप्लोमेसी करने के लिए आंखें दिखानी होती हैं।
महिला पहलवानों का उठाया मुद्दा
जंतर-मंतर पर धरने पर बैठीं महिला पहलवानों का जिक्र करते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि महिला पहलवानों को पीएम मोदी से आश्वासन की उम्मीद थी। उम्र के लिहाज से भी प्रधानमंत्री बेटियों के पिता के समान हैं। अगर बाप मुंह मोड़ ले, तो बेटियां कहां जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications