सीएम हेमंत सोरेन 27 को होंगे लोहरदगा में, प्रशासनिक तैयारियां तेज
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 27 जुलाई को लोहरदगा दौरा संभावित है। इसे लेकर सरकार के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह ने रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी और लोहरदगा उपायुक्त से पत्राचार कर सीएम के कार्यक्रम की जानकारी दी। इ
लोहरदगा, 22 जुलाई। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 27 जुलाई को लोहरदगा दौरा संभावित है। इसे लेकर सरकार के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह ने रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी और लोहरदगा उपायुक्त से पत्राचार कर सीएम के कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री के लोहरदगा आगमन और कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई है। उपायुक्त डा. वाघमारे प्रसाद कृष्ण के निर्देश पर मुख्यमंत्री के समक्ष लोहरदगा जिले के विकास को प्रदर्शित करने के लिए जिले के पदाधिकारी एवं कर्मी अपनी ओर से तैयारियां शुरू कर दिए हैं।

लोहरदगा के साथ-साथ गुमला, रांची, लातेहार एवं खूंटी जिले के 9500 लाभुकों को मिलेगा लाभ
इधर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संभावित लोहरदगा आगमन पर जिले में विकास योजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास की तैयारी भी जोरों पर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस कार्यक्रम में मनरेगा अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभुकों को मुख्यमंत्री द्वारा संबोधित किया जाएगा। कार्यक्रम में लोहरदगा के साथ-साथ गुमला, रांची, लातेहार एवं खूंटी जिले के लाभुकों को लाभ मिलेगा। इस कार्यक्रम में कुल 9500 बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभुक लाभान्वित होंगे। जिसमें गुमला जिले के 2500 लाभुक के साथ खूंटी और लोहरदगा जिले से 2000-2000 किसान लाभुक एवं रांची और लातेहार जिले से 1500-1500 किसान लाभुकों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज
इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की तैयारियां भी तेज हो चुकी हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में मनरेगा अंतर्गत होने वाली योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति 25 जुलाई तक देते हुए सभी आवश्यक गतिविधियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तर पर एक पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित करने को कहा गया है। बिरसा हरित ग्राम योजना से संबंधित दो से तीन मिनट का उच्च गुणवत्ता वाला वीडियो तैयार करने को भी कहा गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम में बागवानी के लाभुकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पांच-पांच बागवानी के लाभुकों का चयन करने को कहा गया है। इन्हें फलदार पौधे देकर सम्मानित करने का काम किया जाएगा। इसके साथ लाभुकों के बीच परिसंपत्ति एवं ऋण वितरण के साथ किसानों के बीच केसीसी का वितरण किया जाएगा।
बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा सभी कार्यक्रम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सभी कार्यक्रम बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा। इसमें मुख्य आकर्षण बिरसा हरित ग्राम से संबंधित योजनाओं के साथ परिसंपत्तियों का वितरण होगा। परिसंपत्तियों के वितरण में बिरसा हरित ग्राम योजना, मनरेगा अंतर्गत दीदी बाड़ी योजना में बीज वितरण, कुआं का उद्घाटन, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत गृह प्रवेश, कृषि विभाग अंतर्गत किसानों के बीच केसीसी, पशुपालन विभाग अंतर्गत पशुपालकों के बीच केसीसी, जेएसएलपीएस के सेल्फ हेल्प ग्रुप को क्रेडिट लिंकेज व सीआईएफ, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना अंतर्गत ऋण योजना आदि वितरण किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications