CM Hemant बोले छोटी-छोटी वजहों से बिल पास नहीं होना चिंताजनक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि छोटी-छोटी वजहों से अगर विधेयक पास नहीं हो पाता है तो यह चिंताजनक है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को विधानसभा सभागार में विधि निर्माण की प्रक्रिया व कार्यपालिका का दायित्व विषय पर आयोजित 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। सीएम ने नए कानून बनाने, इसमें संशोधन, विधायकों के प्रश्नों का उत्तर देने वाले विभागों के साथ ही राजभवन सचिवालय के पदाधिकारियों को इन पहलुओं पर मंथन करने पर जोर दिया।
सीएम ने कहा कि देश का संविधान ऐसा मिश्रण है जहां संसदीय प्रणाली चलाने के लिए विधायिका, कार्यपालिका व न्यायपालिका को अलग-अलग अधिकार हैं। विधायिका लोगों के कल्याणार्थ विधेयक पारित करने, संशोधन प्रस्ताव लाने, नीति निर्धारण सहित कई कार्य करती है। सरकार द्वारा लाए गए इन नियम-कानून को लागू करने का काम कार्यपालिका करती है और न्यायपालिका कानूनों की व्याख्या एवं न्याय देने का काम करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल आत्मा संविधान में निहित है। जिस तेजी से विधायी व्यवस्थाओं के अंतर्गत नए कानून बनते हैं या संशोधन होते हैं, ऐसी परिस्थिति में विधायिका द्वारा पारित विधेयक या अध्यादेश का अनुपालन जरूरी होता है। एक अंतराल पर इन विषयों को पुन रिवाइज करने की जरूरत होती है। जरूरी है कि इन सब चीजों पर विचार और संगोष्ठी होती रहे।
व्यवस्था निरंतर ठीक से चलती रहनी चाहिए
सीएम ने कहा कि हम चुनाव जीतकर आते हैं, सरकार बनाते हैं लेकिन कुछ व्यवस्थाएं स्थायी हैं। स्थायी व्यवस्थाओं एवं संस्थाओं को किसकी सरकार है इसकी चिंता नहीं करनी चाहिए, बल्कि व्यवस्थाएं निरंतर ठीक से चलती रहे इस पर काम करना चाहिए। उनकी समझ है कि कुछ चीजें निरंतर बिना रुकावट चलती हैं और ये व्यवस्थाएं सुचारू रूप से कैसे चलें इस निमित्त यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित है। सीएम ने विधानसभा सचिवालय और कार्यपालिका सचिवालय दोनों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया। कहा,हम विधानसभा में कई विधायी कार्य करते हैं। नए कानून बनाते हैं। कानून में संशोधन करते हैं। विधेयक पेश करते हैं। प्रश्न पूछे जाते हैं। विधानसभा सचिवालय व कार्यपालिका सचिवालय के बीच कई बार समन्वय के अभाव से कभी-कभी विधानसभा में सवाल उठ खड़े होते हैं। इन सब को सुचारू रूप से चलाना हमारा सामूहिक दायित्व है।












Click it and Unblock the Notifications