पंजाब के 15 और शहरों में शुरू हुई 'सीएम दी योगशाला', 24 शहरों में हो चूका है मुहिम का आगाज
पंजाब के लोगों को सेहतमंद और तंदुरुस्त रखने के उद्देश्य से सीएम भगवंत सिंह मान 'सीएम दी योगशाला' मुहिम की शुरूआत 15 और शहरों में करने जा रहे है। इस मुहिम की शुरूआत पंजाब के 15 शहरों में गुरूवार 5 अक्टूबर से होने जा रही है। इसी के साथ कुल 24 शहरों में इस मुहिम का आगाज हो जाएगा।
पंजाब सरकार की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, 'सीएम दी योगशाला' मुहिम दो पड़ावों में शुरू की गई है। पहले पड़ाव में अमृतसर, लुधियाना, फगवाड़ा, पटियाला, जालंधर, होशियारपुर, एसएएस नगर, संगरूर और बठिंडा समेत नौ शहरों में शुरू की गई थी।

मौजूदा समय में इन शहरों में रोजाना सुबह 300 स्थानों पर 'सीएम दी योगशाला' लगाई जा रही है, जिसमें 10,000 से अधिक लोग इन योगा कैंपों का लाभ ले रहे हैं। वहीं, अब दूसरे पड़ाव में 15 नए शहरों को शामिल किया गया है, जिसमें बरनाला, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फाजिल्का, गुरदासपुर, कपूरथला, मानसा, श्री मुक्तसर साहिब, पठानकोट, रूपनगर, नवांशहर, तरनतारन और मलेरकोटला समेत सभी प्रमुख जिले शामिल हैं।
इस दौरान सीएम भगवंत मान ने कहा कि यह समय की जरूरत है कि अच्छी सेहत बनाने के साथ-साथ उन लोगों का तनाव दूर किया जाए, जो अपने जीवन में हर रोज अनेकों चुनौतियों का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में तनाव का बढ़ रहा स्तर हर किसी के लिए चिंता का मुख्य कारण है और लोगों को इससे बचाने में योगा अहम भूमिका निभा सकता है।
सीएम मान जो रोजाना खुद सुबह योगा करते हैं, ने कहा कि जीवनशैली में कुछ बदलावों के कारण और योगा का अभ्यास करके सेहतमंद जीवन व्यतीत करते हुए मानसिक और शारीरिक संतुलन को बनाए रखना बहुत जरूरी है। सीएम ने कहा कि मुफ्त योगा प्रशिक्षण के लिए लोग टोल-फ्री नंबर 7669 400 500 पर डायल कर सकते हैं या cmdiyogsala.punjab.gov.in पर लॉगइन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त योगा इंस्ट्रक्टर लोगों को योगा के बारे में अवगत करवाने में मदद करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत की शानदार पुरातन परंपरा के अनुरूप यह योगशालाएं पंजाबियों को शारीरिक और मानसिक तौर पर तंदुरुस्त बनाने में और अधिक सहायक सिद्ध होंगी।
बताने योग्य है कि कोई भी व्यक्ति, जिसके पास 'सीएम दी योगशाला' के लिए अपने घर के नज़दीक उचित जगह है और योगा क्लास में शामिल होने के लिए उनका 25 लोगों का ग्रुप है तो पंजाब सरकार द्वारा लोगों को खुले पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों में मुफ़्त योगा प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त योगा इंस्ट्रक्टर भेजे जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications