छत्तीसगढ़ में बिजली कर्मियों को मिलेगा महंगाई भत्ता और बोनस, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की घोषणा
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के बिजली कर्मियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बिजली कर्मियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि करने की घोषणा की। साथ ही उच्च कार्यदक्षता को प्रोत्साहित करने के लिए नौ हजार रुपये बोनस-अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। छत्तीसगढ़ पावर कंपनी के 16 हजार से अधिक कर्मचारी-अधिकारियों को इस घोषणा का लाभ मिलेगा।

छत्तीसगढ़ विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री से उनके निवास पर मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश में विद्युत विकास के लिए उठाए गए कदम के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए पावर कंपनी में चार हजार से अधिक पदों पर सीधी भर्ती, साढ़े तीन हजार से अधिक पदोन्नाति, अनुकंपा नियुक्ति और भूविस्थापितों को नौकरी देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बिजली कर्मियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते में वृद्धि करने की घोषणा की।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के चेयरमैन अंकित आनंद ने बताया कि पहले बिजली कर्मियों को 28 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलता था, वह अब तीन प्रतिशत बढ़कर 31 प्रतिशत हो जाएगा। इसकी गणना एक जुलाई, 2021 से की जाएगी। पेंशनर्स को भी महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। बोनस की पात्रता रखने वाले कर्मचारियों को बोनस तथा सभी अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप को कार्यदक्षता बनाए रखने अनुग्रह राशि मिलेगी। इससे लगभग 15.8 करोड़ रुपये का वित्तीय भार आएगा।
बोनस-अनुग्रह राशि की गणना लेखा वर्ष 2020-21 की वास्तविक वेतन परिलब्धियों के अनुपातिक रूप से की जाएगी। भुगतान के न्यूनतम सेवा की गणना बोनस अधिनियम 1965 के संगत प्रविधानों के अनुरूप होगी। बोनस-अनुग्रह राशि संबंधी आदेश जारी होने पर पावर कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों के मध्य उल्लास का वातावरण बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications